पलवल। अपराध जांच शाखा पुलिस ने फेसबुक पर धोखाधड़ी करके रुपये ऐंठने वाले एक नाइजीरियन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके गहन पूछताछ के लिए 2 दिन के रिमांड पर लिया है।
अपराध जांच शाखा प्रभारी विश्व गौरव ने बताया कि होडल की आदर्श कॉलोनी निवासी अनूप शर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी कि फेसबुक के जरिये उसकी दोस्ती एक विदेशी से हुई। जिसने उसे कस्टम कंपनी के माध्यम से कुछ गिफ्ट व कैश भेजने के लिए कहा। जिसकी बातों पर विश्वास करके उसने रिस्क पेनल्टी, इनकम टैक्स चार्जेस के नाम पर उसके खाते में 2 लाख 61 हजार 1700 रुपये जमा करा दिए। उसके बाद उसने एक लाख रुपये की और मांग की। जिसे देने से पीड़ित ने मना कर दिया और मामले की लिखित शिकायत पुलिस को दी। पुलिस का कहना है कि इस मामले में पुलिस पहले ही एक आरोपी ओबी समूल उर्फ अलेक्स निवासी नाइजीरिया को गिरफ्तार कर लिया था। जिससे पूछताछ के दौरान मामले में संलिप्त फर्जी कस्टम ऑफिसर बनने वाली महिला हिंटोली चिशो निवासी जिला दीमरपुर नागालैंड को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को अदालत में पेश करके 6 दिन के रिमांड पर लिया गया और अवधि के दौरान उनसे 20 हजार रुपये भी बरामद किए गए। पुलिस ने अब साइबर सेल की मदद से मामले में शामिल तीसरे आरोपी हरिष्ण अनायर निवासी नाइजीरिया को गत 29 दिसंबर को नई दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश करके गहन पूछताछ के लिए 2 दिन के रिमांड पर लिया गया है। आरोपी से रिमांड अवधि के दौरान पुलिस द्वारा रुपयों की बरामदगी के प्रयास किए जाएंगे व आरोपी से गहनता से पूछताछ की जाएगी।