नोएडा। सुपरटेक के एमडी आरके अरोड़ा समेत छह लोगों के खिलाफ कोतवाली सेक्टर-39 में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोप है कि दादरी तहसील के कर्मचारी बिल्डर के कार्यालय में रिकवरी करने गए तो उन्हें लिफ्ट में बंद कर दिया गया जिससे उनकी जान पर बन आई।
एडीसीपी रणविजय सिंह के अनुसार, नायब तहसीलदार रामकृष्ण ने कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस से शिकायत में आरोप लगाया है कि वे 5 जनवरी को कर्मचारी अनुज, नानक चंद आदि के साथ सुपरटेक बिल्डर के सेक्टर-96 स्थित स्क्वायर टावर में गए थे। यूपी रेरा के आदेश के बाद कर्मचारी 112 करोड़ रुपये की रिकवरी करने के लिए कार्यालय में पहुंचे थे।
इस दौरान आरके अरोड़ा, एके जैन, पीके गोयल, अनिल शर्मा सहित छह लोगों ने जानबूझकर पांचवीं मंजिल पर लिफ्ट को बंद कर दिया। इससे तहसील के कर्मचारी लिफ्ट में एक घंटे तक फंसे रहे। लिफ्ट में ऑक्सीजन की कमी से कर्मचारी बेहोशी की अवस्था में आने लगे। सरकारी कार्य में बाधा डालकर जानबूझकर कर्मचारियों को परेशानी में डाला गया।