नगीना। बलई गांव में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के जल जीवन मिशन तहत खोदे गए रास्तों के संबंध में शिकायत के बावजूद भी ठेकेदार दुरुस्त नहीं करा रहा है। इन बदहाल रास्तों की वजह से ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे ग्रामीणों में रोष है। अब ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से गांव के रास्तों को दुरुस्त करवाने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी देकर कहा कि अगर उनकी समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करेंगे।
विज्ञापन
गांव के शेर मोहम्मद नंबरदार, जुनैद खान ने बताया कि सरकार ने गांवों को बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने के मकसद से जल जीवन मिशन के तहत पेयजल लाइन बिछाने का निर्णय लिया था। गांव में भी पेयजल लाइन बिछाने के लिए रास्तों को खोद दिया गया। इससे गांव के मुख्य रास्तों पर बारिश का पानी, कीचड़ आदि जमा है। ग्रामीणों ने बताया आम रास्तों में गंदी के कारण मच्छरों के पनपने से बीमारियों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। जुनैद खान ने बताया कि रास्तों की मरम्मत करवाने के लिए जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के कनिष्ठ अभियंता गुमरेज सिंह को शिकायत दी हुई है। लेकिन, अब तक रास्तों को दुरुस्त नहीं किया गया है।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से गांव के रास्तों को दुरुस्त करवाने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी देकर कहा कि अगर उनकी समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करेंगे। जिला उपायुक्त कैप्टन शक्ति सिंह ने कहा कि जिले भर में जितने भी रास्तों को खोदकर पाइपलाइन डाली गई है, उन सभी ठेकेदारों की जिम्मेदारी बनती है कि वे रास्तों की मरम्मत अवश्य कराएं। अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।