तावडू। जिले में किसान डीएपी की किल्लत से काफी परेशान हैं। काफी दिनों बाद शुक्रवार शाम अधिकृत डीलर के गोदाम पर डीएपी के करीब दो हजार कट्टे पहुंचे। इसकी जानकारी मिलते ही क्षेत्र के सैकड़ों किसान नई अनाज मंडी स्थित खाद की दुकान पर रात 3 बजे से ही कतार में खड़े हो गए। लेकिन, एक आधार कार्ड पर डीएपी के दो कट्टे मिलने पर किसानों ने नाराजगी जताई। शनिवार को तहसीलदार शालिनी लाठर और सदर व शहर थाना प्रभारी रतन सिंह व चंद्रभान की मौजूदगी में किसानों को खाद वितरित की गई। किसानों की भारी भीड़ को लेकर पुलिस बल भी तैनात रहा।
खरीफ की फसल के समय से ही क्षेत्र में डीएपी की भारी किल्लत बनी हुई है। इसके कारण किसान परेशान हैं। किसानों को अब यह चिंता भी सताने लगी है कि अगर समय पर डीएपी और यूरिया उपलब्ध नहीं हुई तो रबी की फसल की बिजाई भी समय पर नहीं हो पाएगी। इसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ सकता है। किसान प्रति आधार कार्ड पर दो कट्टे मिलने से भी नाराज नजर आए। उनका कहना था कि जो किसान कई-कई एकड़ जमीन के मालिक है, इस हिसाब से ये खाद बहुत कम है।
किसान यूनुस, खालिद धनपति, बिमला, जावेद, खुर्शीद, राजेश, खान मोहम्मद, प्रवीन सहित अन्य किसानों ने कहा कि महीनों से किसान डीएपी खाद के लिए भटक रहे हैं। मुश्किल से शुक्रवार शाम को डीएपी पहुंची। इसको लेने के लिए शनिवार रात 3 बजे से ही वे लाइन लगाकर भूखे-प्यासे खड़े रहे हैं, लेकिन पर्याप्त खाद नहीं पहुंचने के कारण उन्हें शाम तक इंतजार करना पड़ा। असद, जमालु, मकसूद, खालिद, मुमारिक , रमेश, रवि आदि किसानों ने बताया कि खाद पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने के लिए वे दिन भर इंतजार करते रहे। लेकिन, उन्हें खाद नहीं मिलने के कारण बैरंग लौटना पड़ा। किसानों का कहना था कि खाद की किल्लत क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही है। सरकार खाद की किल्लत को लेकर मूक दर्शक बनी बैठी है। संबधित अधिकारी भी चुप्पी साधे हैं, जो मात्र जल्द समाधान का सिर्फ आश्वासन देते हैं पर होता कुछ भी नहीं है।
जल्द दूर होगी कमी
कृषि उपमंडल अधिकारी डॉ. अजीत सिंह ने बताया की शुक्रवार शाम तावडू व गांव कलवाड़ी खाद केंद्रों पर करीब 2700 कट्टे पहुंचे थे। शनिवार सुबह से शाम तक किसानों को डीएपी वितरित की गई। उन्होंने बताया कि एक आधार कार्ड पर दो कट्टे दिए जा रहे हैं। डीएपी के करीब 2 हजार कट्टे बांटे गए हैं। खाद की कमी ऊपर से ही है, जल्द ही कमी को दूर किया जाएगा।
किसानों को 3150 की जगह बाटें 1050 कट्टे
पुन्हाना। क्षेत्र में खाद की किल्लत कम होने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार को डीएपी के 3150 कट्टे बांटे जाने थे। लेकिन, समय पर खाद न पहुंचने से मात्र 1050 ही कट्टे बांटे गए। पुन्हाना पुलिस चौकी में डीएपी के 700 कट्टे बांटे गए। कृषि अधिकारी अभय राम ने बताया बताया कि शनिवार को पुन्हाना में 2800 और शिकरावा में डीएपी के 350 कट्टे आने थे। पुन्हाना में केवल एक गाड़ी में 700 और शिकरावा में 350 कट्टे ही आ पाए। लेकिन, डीएपी लेने वाले किसान ज्यादा पहुंच जाने की वजह से पुन्हाना पुलिस चौकी में 700 कट्टे बांटे गए। उन्होंने बताया कि शनिवार देर शाम तक 700 और कट्टे आ गए हैं। रात को करीब 1400 कट्टे और आने वाले हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही खाद की समस्या से किसानों को छुटकारा मिल जाएगा।