ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर पुलिस 25 नवंबर को होने वाले नोएडा एयरपोर्ट शिलान्यास कार्यक्रम की अभेद सुरक्षा का ब्लू प्रिंट तैयार करने में जुटी है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े मंत्री और नेता शिरकत करेंगे। किसी भी आतंकी खतरे को टालने के लिए पुलिस ने एंटी टेरेरिस्ट स्क्वायड (एटीएस) को पत्र लिखा है। जिससे कार्यक्रम में एटीएस के कमांडो की तैनाती हो सके। वहीं माना जा रहा है कि 19 नवंबर को सीएम योगी तैयारियों का जायजा लेने के लिए ग्रेटर नोएडा आ सकते हैं।
शिलान्यास कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद करने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। अधिकारी आए दिन जेवर में नोएडा एयरपोर्ट की भूमि व कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा का खाका तैयार कर रहे हैं। यहां आतंकी गतिविधियों पर भी अंकुश लगाने का प्रयास किया जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि एटीएस के आला अधिकारियों को गौतमबुद्घ नगर पुलिस का पत्र मिलने के बाद बड़ी संख्या में कार्यक्रम के लिए एटीएस कमांडो की तैनाती होगी।
यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए तैयार किया जा रहा खाका
शिलान्यास कार्यक्रम में लोगों को शामिल करने के लिए भाजपा के जनप्रतिनिधि और नेता लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं। पार्टी नेताओं का दावा है कि डेढ़ लाख से अधिक लोग शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान होने वाली पीएम नरेंद्र मोदी की सभा में शिरकत कर सकते हैं। इसे देखते हुए गौतमबुद्घ नगर पुलिस यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने का खाका तैयार करने में जुटी है। इस दौरान रूट डायवर्जन, पार्किंग व वाहनों को आनेजाने वाले रास्तों पर जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं होने देने की योजना तैयार की जा रही है।
टोल टैक्स में मिल सकती है रियायत
यमुना एक्सप्रेसवे, पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और एनएच-91 से बड़ी संख्या मेें लोग और भाजपा कार्यकर्ता अपने वाहनों से शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचेंगे। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए आने वाले लोगों के वाहनों को 25 नवंबर को टोल टैक्स में राहत मिल सकती है। हालांकि इसकी अभी कोई अधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
शिलान्यास स्थल पर पुलिस की सुरक्षा में लगाए गए टेंट
जेवर। एयरपोर्ट के शिलान्यास से पहले किसानों ने यहां चल रहे काम का विरोध करना शुरू कर दिया था। जिसे देखते हुए सोमवार को शिलान्यास स्थल पर दो सब इंस्पेक्टर के नेतृत्व में पुलिस टीम की तैनाती कर दी गई है। हालांकि सोमवार को किसान विरोध करने के लिए नहीं पहुंचे। वहीं सभास्थल पर इवेंट कंपनी ने टेंट लगाने का काम शुरू कर दिया है। एयरपोर्ट निर्माता कंपनी ने भी पार्किंग साइटों के साफ सफाई और समतलीकरण का कार्य तेज कर दिया है। सोमवार को शिलान्यास स्थल को तैयार करने में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए पुलिस टीम तैनात कर दी गई थी। सभास्थल पर जेवर-बुलंदशहर मार्ग की तरफ से आम जनता को बैठने के लिए दो अलग अलग हैंगर लगाने का काम सोमवार सुबह से ही चल रहा है। वही मंच और वीआईपी गैलरी के लिए तैयारी की जा रही है।
10 पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे, चार तैयार
सभास्थल तक पहुंचने से पहले वाहनों को 500 मीटर से एक किमी पहले ही रोक दिया जाएगा। जिसके लिए 10 पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है। सोमवार को जेवर बुलंदशहर मार्ग पर झज्जर की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए रन्हेरा चौकी तो जेवर की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए किशोरपुर गांव से आगे निर्माण साइट के ऑफिस से पहले पार्किंग बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। सोमवार को चार पार्किंग स्थल की साफ सफाई व समतलीकरण का कार्य पूरा कर लिया किया गया।
जेवर-बुलंदशहर मार्ग से हेलीपैड तक बनाई जा रही सड़क
आपात स्थिति के लिए जेवर बुलंदशहर मार्ग से बनवारीवास मार्ग के दोनों तरफ सड़क बनाई जा रही है। इस मार्ग पर प्रयोग प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के इमरजेंसी मार्ग के रूप में किया जाएगा। साथ ही वीआईपी व वीवीआईपी के आवागमन के लिए भी इसी मार्ग का प्रयोग किया जाएगा। वही वर्तमान में बनवारीवास गांव को जोड़ने के लिए बने संपर्क मार्ग को उस समय दोनों रोडों के बीच डिवाइडर के रूप में प्रयोग किया जाएगा।