वैभव सिंघल हत्याकांड
13 दिन बाद 14 किमी दूर नहर में तारों में अटका मिला शव
- पांचवें दिन व्यापारियों ने समाप्त किया धरना-प्रदर्शन, बिलासपुर में पुलिस बल तैनात
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर/दनकौर। लापता होने के 12 दिन बाद किराना व्यापारी अरुज सिंघल के इकलौते बेटे वैभव का शव 14 किमी दूर रबूपुरा के चचूरा गांव के पास नहर में तारों में अटका मिला। रविवार दोपहर शव मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों को निष्पक्ष जांचकर आरोपियों को जल्द कठोर सजा दिलाने का आश्वासन दिया। पुलिस के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने धरना प्रदर्शन खत्म कर दिया। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद पुलिस बल की तैनाती के बीच वैभव के शव का अंतिम संस्कार किया गया।
वैभव की हत्या के खुलासे के बाद से ही पुलिस गंगनहर में शव तलाश कर रही थी। वहीं, परिजन हत्याकांड और पुलिस के खुलासे को लेकर सवाल खड़े कर रहे थे। पुलिस ने आगरा तक गंग नहर में वैभव के शव को तलाश किया। इस बीच नहर का पानी भी बंद कराया था। लेकिन शव नहर के रेत में दब गया था। शुक्रवार को फिर से नहर का पानी छोड़ा गया। जिसके बाद शव उपर आ गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने हत्या के बाद शव को बिलासपुर से करीब आठ किमी दूर हिरनोटी पुल के पास फेंका था। शव यहां से करीब छह किमी दूर मिला है। पोस्टमार्टम के बाद शाम रविवार देर शाम कस्बे में लाया गया। इस दौरान ज्वाइंट सीपी शिवहरि मीणा समेत अन्य अधिकारी भी कस्बे में पहुंचे।