नोएडा। 25 मई 2020 को सेक्टर-6 स्थित प्राधिकरण कार्यालय के औद्योगिक लेखा विभाग और औद्योगिक विभाग में लगी आग की जांच रिपोर्ट के आधार पर छह अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई है। इसमें दो वरिष्ठ सहायक और दो लेखाकारों को प्रतिकूल प्रविष्टि और इंजीनियरिंग विभाग के दो अधिकारियों को चेतावनी दी गई है। छह सदस्यीय कमेटी की जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई हुई है।
वहीं, 18 जून 2021 को सेक्टर-29 स्थित नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (एनएमआरसी) के नए बने दफ्तर में आग लग गई थी। यहां जांच के बाद काम करने वाली एजेंसी ग्रेनो प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड को ब्लैक लिस्ट किया गया है। वहीं, अन्य अधिकारियों को नोटिस देते हुए जवाबदेही तय की जा रही है। दरअसल, प्राधिकरण में आग लगने की घटना के दौरान औद्योगिक लेखा विभाग और औद्योगिक विभाग चपेट में आ गया था। उस समय आग की लपटों में कई फाइलें आ गई थीं। सीईओ ने छह सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया था, जिसे जांच रिपोर्ट सौंपनी थी। कमेटी में प्रवीण कुमार मिश्र की अध्यक्षता में ओएसडी राजेश कुमार, ओएसडी संतोष उपाध्याय, जीएम केके अग्रवाल, जीएम राजीव त्यागी और सहायक महाप्रबंधक सिस्टम को शामिल किया गया था। एक सप्ताह में रिपोर्ट देनी थी जो अब जाकर इसकी जांच पूरी हुई है।
अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान यह पाया गया कि शनिवार को टेबल पर काम करते हुए कुछ कर्मचारियों ने फाइलें टेबल पर ही छोड़ दी थीं। रविवार सुबह जब आग लगी तो फाइलें जल गईं। जबकि नियम के मुताबिक ऑफिस छोड़ते समय फाइलें अलमारी में रखनी होती है। मामले में इन कर्मचारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। वहीं, आग लगने की घटना के बाद फायर फाइटिंग, बिजली, सिविल विभाग आदि के मामले में प्रबंधन खराब होने के कारण कुछ अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है।
एनएमआरसी में आग लगने की घटना में एजेंसी ब्लैक लिस्ट
एनएमआरसी की सेक्टर-29 में नए कार्यालय का उद्घाटन हाल ही में हुआ था। जब आग लगी तो फायर फाइटिंग के प्रयोग वाली पाइप में पानी ही नहीं था। जांच रिपोर्ट में इस तरह की लापरवाही सामने आई है। इस आधार पर लापरवाही मानते हुए एजेंसी को ब्लैक लिस्ट किया गया है। यही नहीं एजेंसी को किए गए भुगतान और एक्सटेंशन भी सवालों के घेरे में आ गए हैं। इस आधार पर अन्य अधिकारियों को नोटिस दिया गया है। नोटिस का जवाब मिलने पर जवाबदेही तय होगी।
-----------------
प्राधिकरण में आग लगने की घटना की जांच के बाद रिपोर्ट के आधार पर छह अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। वहीं, एनएमआरसी में आग लगने की घटना में जांच रिपोर्ट के आधार पर ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट किया गया है। अन्य जवाबदेह अधिकारियों को नोटिस दिया गया है।
- रितु माहेश्वरी, सीईओ, प्राधिकरण