नूंह। बीते सप्ताह से जिले में दिन प्रतिदिन कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है। आए दिन कोरोना संक्रमित आने से स्वास्थ्य विभाग की टीम की चिंता को बढ़ा दिया है। शुक्रवार को तीन महीने बाद जिले में एक साथ 16 कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें 14 शहीद हसन खां मेडिकल कॉलेज व 2 संक्रमित नूंह से आए। बृहस्पतिवार को 4 संक्रमित मिले थे। फिलहाल जिले में कुल 27 सक्रिय कोरोना मरीज है।
शुक्रवार को 7 कोरोना मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। उन्हें विभाग द्वारा डिस्चार्ज कर दिया है। जिले में कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा 96 लोगों को अंडर सर्विलांस पर लिया गया है। मार्च 2020 से लेकर अब तक तक कोरोना के जिले में 5055 संक्रमित मरीज मिल चुके हैं, इनमें से 4,905 लोग स्वस्थ हो चुके हैं, 123 लोगों की मौत हुई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कुल 3,80,272 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। हर दिन जिले में कोरोना के 827 लोगों के सैंपल इकट्ठा किए जा रहे हैं। अब भी 4713 लोगों की रिपोर्ट आना बाकी है। उपायुक्त शक्ति सिंह, सिविल सर्जन डॉ. सुरेंद्र यादव व जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बसंत दूबे ने बताया कि कोरोना के प्रकोप से निपटने के लिए हर व्यक्ति को सावधानी बरतनी होगी। जिन लोगों का अभी टीकाकरण नहीं हुआ है वह अपना टीकाकरण भी करा लें, टीकाकरण से कोरोना की लड़ाई में व्यक्ति काफी मजबूत होता है। ऐसे में लोगों को चाहिए कि वह खुद के साथ अपने आसपास के लोगों को भी टीका लगवाएं। इस लड़ाई में जिले के लोगों को स्वास्थ्य विभाग के साथ प्रशासन का सहयोग करना चाहिए। अब कोरोना के मरीज पड़ोस के गुरुग्राम व फरीदाबाद जिले में काफी आ रहे हैं। जिले में कोरोना का पॉजिटिव रेट 1.93 प्रतिशत है जबकि रिकवरी रेट 97.53 प्रतिशत है। ऐसे में लोग सावधानी बरतते रहें।