जेवर के नगला हुकुम सिंह में एयरपोर्ट के दूसरे चरण के लिए सहमति के लिए बैठक में मौजूद ग्रामीण।
- फोटो : Grnoida
जेवर/रबूपुरा। नोएडा एयरपोर्ट के दूसरे चरण में विस्तार के लिए शुक्रवार को प्रशासनिक टीमों ने नगला हुकमसिंह और मुढरह गांव में बैठक कर किसानों से भूमि अधिग्रहण के लिए सहमति मांगी। दोनों गांव की सार्वजनिक बैठक में पहुंचे किसानों ने सर्किल रेट का चार गुना मुआवजा और नगला हुकमसिंह की आबादी को विस्थापित नहीं करने की मांग रखते हुए लिखित असहमति दी। नगला हुकम सिंह के 475 किसानों ने असहमति दी। वहीं, नगला हुकम सिंह के 20 और मुढरह के 12 किसानों ने भूमि देने के लिए सहमति पत्र सौंपे हैं। अगली बैठक शनिवार को जेवर के बीरमपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय और रन्हेरा स्थित इंटर कॉलेज में होगी।
दूसरे चरण में विस्तार के लिए शासन ने जेवर के 6 गांव दयानतपुर, रन्हेरा, कुरैब, मुढरह, बीरमपुर और करौली बांगर के नगला हुकमसिंह की 1185 हेक्टेयर जमीन के अधिग्रहण को मंजूरी दी थी। इसके बाद जिला प्रशासन ने इन गांव के किसानों से अधिग्रहण के लिए जरूरी 70 प्रतिशत सहमति प्राप्त करने के लिए गांव-गांव सार्वजनिक बैठक में सहमति लेने का फैसला किया। इसके तहत शुक्रवार को उपजिलाधिकारी रजनीकांत मिश्र के नेतृत्व में एक टीम ने मुढरह गांव में जबकि दूसरी टीम ने तहसीलदार जेवर अखिलेश सिंह के नेतृत्व में करौली बांगर के नगला हुकमसिंह में बैठक की।