ग्रेटर नोएडा। कासना थाना पुलिस ने बाइक बोट फर्जीवाड़े के आरोपी आदेश भाटी उर्फ अजीत भाटी का ओमीक्रॉन-3 सेक्टर के प्लूमेरिया गार्डन सोसाइटी स्थित 1.05 करोड़ रुपये का फ्लैट जब्त किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत की है। पुलिस अब तक जिले के माफिया और गैंगस्टर की 132 करोड़ 55 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर चुकी है।
डीसीपी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस लगातार जिले के माफिया और गैंगस्टर की आर्थिक रूप से कमर तोड़ने का काम कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने बाइक बोट फर्जीवाड़े के आरोपी आदेश का 1.5 करोड़ रुपये का फ्लैट जब्त किया है। आरोपी ने फर्जीवाड़े से मोटी कमाई की थी और इसी कमाई से यह फ्लैट अर्जित किया था। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। जब संजय भाटी निवेशकों का रुपये लेकर भाग गया था उस दौरान आदेश अपने अन्य साथियों के साथ कोर्ट गांव स्थित मुख्य दफ्तर पर मौजूद रहता था और रुपये मांगने आने वाले निवेशकों को अग्रिम तिथि के फर्जी चेक थमाता था।
आरोपी ने लाखों निवेशकों को अरबों रुपये के चेक दिए थे जो बाद में बाउंस हो गए। इन्हीं चेक बाउंस के दर्जनों मामले देश के विभिन्न राज्यों की अदालतों में विचाराधीन हैं। पुलिस ने फ्लैट जब्त करने के बाद सोसाइटी में मुनादी भी कराई। बता दें कि आदेश मुख्य आरोपी संजय भाटी का चाचा है।