निक्की हत्याकांड में पांच दिन की पुलिस रिमांड पर चल रहा साहिल हर दिन कई नए खुलासे कर रहा है। उसके ऐसे ही कुछ खुलासों ने पुलिस की जांच की दिशा ही बदल दी है। अब इस मामले में गिरफ्तार पांच आरोपियों में से एक को लेकर खुलासा हुआ है। गिरफ्तार नवीन जो साहिल की मौसी का बेटा है वह दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल है।
इस खुलासे से पुलिस भी हैरान है कि आखिर उनके ही एक सिपाही को इस घटना का पता था लेकिन उसने न कोई एक्शन लिया न ही पुलिस को इसकी सूचना दी। वहीं इस मामले में अब तक इतने खुलासे हो चुके जिससे पुलिस की जांच पर काफी प्रभाव पड़ा है।
पहले जहां निक्की को साहिल का लिव-इन पार्टनर बताया जा रहा था, वहीं साहिल ने बताया कि दोनों ने साल 2020 में नोएडा के एक मंदिर में शादी कर ली थी। इसके पहले उसने बताया था कि उसने निक्की की हत्या 10 फरवरी को तड़के 4.00 बजे नहीं बल्कि सुबह 10 से 11 बजे के बीच की थी।