दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि लोकेश ने उमराव सिंह ज्वेलरी शोरूम से 30 किलो के सोने व डायमंड के आभूषण चुराए थे। छत्तीसगढ़ की बिलासपुर पुलिस ने लोकेश के घर से अभी 18.600 किलो सोने व डायमंड के आभूषण बरामद किए हैं। हालांकि छत्तीसगढ़ पुलिस ने लोकेश को लेकर ज्वेलरी की बरामदगी के लिए कई जगह दबिश दी है।
हालांकि ज्वेलरी की बरामदगी को लेकर बिलासपुर पुलिस पर सवाल खड़े हो रहे हैं। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने ये भी आरोप लगाया है कि छत्तीसगढ़ पुलिस ने अपनी पुलिस रिमांड के दौरान दिल्ली पुलिस को लोकेश से पूछताछ नहीं करने दी है। दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह डागर की देखरेख में एसआई जितेंद्र रघुवंशी, एसआई आकाश व एएसआई सुभाष की टीम बिलासपुर में है।
दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बिलासपुर पुलिस ने लोकेश को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर ले रखा है। बिलासपुर पुलिस की तीन दिन की रिमांड मंगलवार को खत्म हो रही है। ऐसे में दिल्ली पुलिस बिलासपुर कोर्ट में मंगलवार को लोकेश की ट्रांजिट रिमांड की मांग करेगी। ट्रांजिट रिमांड मिलने पर उसे दिल्ली की कोर्ट में पेशकर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।
दिल्ली पुलिस अधिकारियों के अनुसार, लोकेश ज्यादातर छत के रास्ते शोरूम व दुकानों में घुसता था। एक बार तो वह छत्तीसगढ़ में चोरी के लिए लिफ्ट के नीचे हिस्से को काटकर घुस गया था। आरोपी ने वर्ष 2011 में सैलून खोला था। इसके बाद उड़ीसा, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ व दिल्ली में चोरी की बड़ी वारदातों को अंजाम दे चुका है।