मुक्केबाज अपने साथी संग गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतने वाला एक मुक्केबाज ड्रग का आदी होने के बाद आपराधिक वारदातों को अंजाम देने लगा। अपनी जरूरत को पूरा करने के लिए वह अपने साथी के साथ वाहनों की चोरी और झपटमारी को अंजाम देने लगा। द्वारका जिला की वाहन चोरी निरोधक शाखा ने शुक्रवार को छावला इलाके से मुक्केबाज को उसके साथी के साथ गिरफ्तार कर लिया। उसका साथी छावला थाने का घोषित बदमाश है। इनके पास से पुलिस ने दो छीने गए मोबाइल, तीन चोरी की बाइक और एक स्कूटी बरामद की है।
इनकी गिरफ्तारी से पुलिस ने छह मामले सुलझाने का दावा किया है। द्वारका जिला के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोयला डेयरी निवासी हेमंत चौधरी और दीपक के रूप में हुई है। हेमंत मुक्केबाज है, जबकि दीपक छावला थाने का घोषित बदमाश है।
ऐसे आया गिरफ्त में
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वाहन चोरी निरोधक शाखा वाहनों की चोरी होने के बाद उन जगहों की जांच पड़ताल करती है। इस दौरान वह सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालती है। फुटेज में कैद बदमाश की पहचान के लिए पुलिस मुखबिर तंत्र को सक्रिय करती है। 25 फरवरी को उप निरीक्षक विकास कुमार को छावला इलाके में वारदातों में शामिल दो बदमाशों के बाइक पर घूमने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने हनुमान चौक पर तलाशी अभियान चलाया।
पुलिस ने बाइक से पहुंचे दोनों बदमाशों को दबोच लिया। बाइक की जांच करने पर पता चला कि बिंदापुर इलाके से चुराई गई थी। दीपक के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। बदमाशों ने फोन को छावला इलाके से छीना था। पूछताछ के बाद पुलिस ने इनके निशानदेही पर चोरी की दो अन्य बाइक और एक स्कूटी बरामद कर ली।
राष्ट्रीय जूनियर स्तर की प्रतियोगिता में जीत चुका है गोल्ड मैडल
जांच के बाद पुलिस ने बताया कि हेमंत चौधरी दसवीं कक्षा तक पढ़ाई की है। वह राष्ट्रीय जूनियर स्तर का मुक्केबाज रह चुका है। उसने राष्ट्रीय स्तर की एक प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता था। उसके बाद अन्य प्रतियोगिता में सफलता नहीं मिलने पर वह परेशान रहने लगा और गलत संगत में आकर ड्रग का आदी हो गया।
पुलिस ने बताया कि दीपक भी नशे का आदी है। अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए हेमंत दीपक के साथ मिलकर वाहनों की चोरी और झपटमारी की वारदात को अंजाम देने लगा। वह गोयला डेयरी इलाके में एक किराए के मकान में रहता था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दीपक पर पहले से मामला दर्ज है जबकि हेमंत को पुलिस ने पहली बार गिरफ्तार किया है।