एनएच-9 पर पुराना डासना टोल प्लाजा के पास शुक्रवार देर रात चार घंटे में तीन हादसे हो गए। हाइवे पर मसूरी की ओर जा रही वैगनआर कार में रात करीब सवा 12 बजे कैंटर की टक्कर से आग लग गई। इस दौरान घायलों ने अपने एक परिचित को बुलाया जबकि राहत एवं बचाव के लिए एनएचएआई की टीम पहुंच गई जिसे रोडवेज ने टक्कर मार दी।
हादसे में घायलों के परिचित मसूरी निवासी छात्र निखिल की मौत हो गई जबकि पुलिसकर्मियों समेत 12 घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मसूरी थाना पुलिस घटना की जांच कर रही है। मसूरी नाहल निवासी मुशाहिद अपने परिवार के साथ वैगनआर कार से गाजियाबाद से घर लौट रहे थे। रात करीब सवा 12 बजे पुराना डासना टोल के पास उनकी गाड़ी में पीछे से आ रहे कैंटर ने टक्कर मार दी। इससे उनकी गाड़ी में आग लग गई। कार सवार मुशाहिद खान, जैद, तसव्वर और भूरी घायल हो गए। भूरी और जैद के गंभीर घायल होने के कारण हापुड़ के अस्पताल में ले गए।
हादसे के बाद कार सवार ने अपने परिचित राजीवपुरम निवासी निखिल ठाकुर (19) को जानकारी दी तो वह मौके पर पहुंच गया। वहीं आग की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची एनएचएआई व दमकल की टीम ने राहत बचाव कार्य शुरू किया। इसी दौरान पीछे से आ रही रुहेलखंड डिपो की तेज रफ्तार बस ने राहत बचाव कार्य में लगे एनएचएआई के दो कर्मचारी और निखिल को टक्कर मार दी। इससे निखिल की मौके पर मौत हो गई जबकि एनएचएआई कर्मचारी अजय कुमार और आलोक मौर्य गंभीर रूप से घायल हो गए। ऐसे में दोनों को हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया।
वहीं इस हादसे के बाद मौके पर रोडवेज की इंटरसेप्टर टीम मुआयना के लिए पहुंची जो रुहेलखंड डिपो की बस को करीब सवा चार बजे जेल चुंगी चौकी के पास खड़ी कराकर लौट रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही हरदोई डिपो की बस ने इंटरसेप्टर टीम की कार में टक्कर मार दी। इसमें कार सवार इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह व लाल सिंह, ट्रैफिक पुलिस के एसआई जितेंद्र सिसोदिया, चालक सुनील सिरोही और बस चालक और परिचालक घायल हो गए।