अंबेडकर नगर थाना ने 17 जनवरी को हुई युवक की हत्या की गुत्थी को सुलझाने का दावा करते हुए एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को पकड़ा है। दो बालिग को गिरफ्तार कर लिया गया है।
आरोपियों ने लूटपाट का विरोध करने पर युवक की हत्या की थी। आरोपियों ने पीड़ित पर चाकू से आधा दर्जन वार किए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़ित का पर्स, लूटी गई रकम में से 1600 रुपये व अन्य सामान बरामद कर लिया है।
दक्षिण-पूर्व जिला डीसीपी रोमिल बानिया के अनुसार दक्षिणपुरी के जे-ब्लाक में 17 जनवरी को रात करीब पौने एक बजे झगड़े की सूचना मिली थी। आईएस सतीश कुमार तुरंत मौके पर पहुंचा। वहां पता लगा कि पीड़ित सुरेश (31) को पीसीआर वैन ने अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अस्पताल में डॉक्टरों ने सुरेश को मृत घोषित कर दिया था। सुरेश को चाकू से छह वार किए गए थे। हत्या का मामला दर्जकर अंबेडकर नगर थानाध्यक्ष राकेश कुमार की देखरेख में एसआई सतीश कुमार व आनंद कुमार झा की विशेष टीम बनाई गई थी। सुरेश ओखला स्थित एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था और करीब चार महीने पहले ही बुराड़ी से परिवार के साथ दक्षिणपुरी में रहने आया था।
इस पुलिस टीम ने मिली एक गुप्त सूचना के बाद दो आरोपी हरेन्द्र कुमार उर्फ काके(18) और ललित उर्फ इशू(20) को विराट ग्राउंड से गिरफ्तार कर लिया। इनसे पूछताछ के बाद इनके नाबालिग साथी को पकड़ लिया गया। आरोपियों ने बताया कि वह बेरोजगार थे और नशे की आदत को पूरा करने के लिए उन्हें पैसे की जरूरत थी।
उन्होंने लूटपाट की साजिश रची। वारदात वाले दिन इन्होंने पहले शराब पी और फिर जे-ब्लाक दक्षिणपुरी में घर लौट रहे सुरेश को रोक लिया। ये सुरेश का पर्स छीनने लगे। सुरेश ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसको चाकू मार दिए। इसके बाद उसका मोबाइल व पर्स में रखे 5200 रुपये लूटकर फरार हो गए थे।