ककोड़ थाना क्षेत्र में पिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि उसकी बेटी 15 दिन से लापता है, जो अभी तक नहीं मिली है। ग्रामीणों ने शव को गांव के बाहर रखकर जाम लगाया। सूचना पर सीओ सिकंदराबाद पूर्णिमा सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ग्रामीणों को समझने का प्रयास कर रही है।
जानकारी के अनुसार, ककोड़ थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती को उसी गांव का रहने वाला दूसरी बिरादरी का युवक गत चार-पांच मई को बहला फुसलाकर अगवा कर ले गया था। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए युवती की तलाश शुरू कर दी थी, लेकिन अभी तक भी पुलिस युवती को बरामद नहीं कर सकी। इसको लेकर पिता काफी आहत था।
बेटी के चले जाने और उसकी बरामदगी नहीं होने से आहत पिता ने शनिवार को गांव में अपने ही घेर में फांसी लगाकर जान दे दी। जिससे गुस्साए ग्रामीणों व परिजनों ने शव को गांव के मुख्य मार्ग पर रखकर जाम लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर सीओ पूर्णिमा सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। वहीं, ग्रामीण आरोपी युवक व अन्य के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज किए जाने की मांग पर अड़े हुए हैं। इस दौरान पुलिस के द्वारा वीडियो बनाए जाने पर ग्रामीण भड़क गए और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए अभद्रता की।