गुरुग्राम। शिक्षा विभाग द्वारा जून की छुट्टियों में 10वीं-12वीं की दोनों कक्षाओं की ऑनलाइन पढ़ाई का मामला लीपापोती तक सिमटा हुआ है। विभाग अभी तक सभी विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित नहीं कर पाया है। इससे ऑनलाइन पढ़ाई के मसले पर लेटलतीफी के बादल छाए हुए हैं। हरियाणा स्कूल लेक्चरर्स एसोसिएशन (हसला) के राज्य सचिव सुशील कटारिया ने कहा कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों की ऑनलाइन पढ़ाई मौजूदा परिस्थितियों के मुताबिक संभव नहीं हो पाएगी। टैबलेट वितरण को लेकर शिक्षा विभाग द्वारा भी कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी नहीं किए गए हैं जिसे लेकर अध्यापक, बच्चे और अभिभावक भी दुविधा में हैं कि इस बार छुट्टियों में ऑनलाइन पढ़ाई होगी या नहीं। यदि जून की छुट्टियों में ऑनलाइन कक्षाएं लेने के आदेश आते हैं तो बच्चों पर अनावश्यक बोझ पड़ेगा, जो किसी भी सूरत में ठीक नहीं है। फिर भी अगर निदेशालय इस तरह के आदेश जारी करता है तो हरियाणा स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन बच्चों के भविष्य को देखते हुए इसका पुरजोर विरोध करेगा।
राज्य सचिव सुशील कटारिया ने कहा कि सोशल मीडिया पर 10वीं-12वीं के विद्यार्थियों की ऑनलाइन पढ़ाई के मामले में संदेश पढ़ने को मिल रहे हैं जबकि यह वास्तविकता से बहुत दूर हैं। ज्यादातर विद्यार्थियों को अभी तक टैबलेट मिले भी नहीं है। टैबलेट स्कूलों की अलमारियों में रखे गए हैं। जिन विद्यार्थियों को टैबलेट मिले हैं, उनको सिम कार्ड नहीं मिले हैं या फिर सिम एक्टिवेशन की समस्या बनी हुई है। इस बारे में भी विभागीय अधिकारियों के पास भी कोई स्पष्ट जवाब नहीं हैं। अगर तकनीकी रूप से देखा जाए तो इन टैबलेट में ऐसा कोई भी सॉफ्टवेयर मौजूद नहीं है, जिससे बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई करवाई जा सके। अभी तक यह टैबलेट केवल विद्यार्थियों को गृह कार्य देने और अध्यापकों द्वारा गृह कार्य चैक करने में ही सक्षम हैं।