गुरुग्राम। शहर में जलनिकासी की बदहाली का आलम यह है कि महज 15 मिनट की बारिश में ही कई इलाके ऐसे हैं, जो तालाब बन जाते हैं। बुधवार को भी ऐसा ही हुआ जब सुबह के समय हुई कुछ देर की बारिश के बाद पटेल नगर, सिविल लाइंस समेत कई इलाकों में जलभराव हो गया। हालांकि, बारिश के बाद दिनभर बादल आंखमिचौली का खेल खेलते रहे।
बुधवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे जो करीब 10 बजे तक और घने हो गए। करीब सवा दस बजे तेज बारिश शुरू हो गई जो लगभग 15 मिनट तक जारी रही। इतने में ही पटेल नगर, सिविल लाइंस, झाड़सा रोड, सेक्टर-14 समेत कई इलाकों में जलभराव हो गया। हालांकि, बारिश जल्दी ही निकल गई जिसके चलते जलभराव की समस्या भी ज्यादा व्यापक नहीं हुई। वहीं, सोहना में व्यापक जलभराव देखने को मिला, जहां वाहन चालकों को भारी समस्या का सामना करना पड़ा। बारिश के बाद भी दिन भर आसमान में बादल छाए रहे, जिसको देखते हुए बाद में भी बारिश की संभावना व्यक्त की जा रही थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। हालांकि, बीच-बीच में बूंदाबांदी जरूर हुई।
अगले दो दिन बारिश के आसार
मौसम विभाग ने 24 सितंबर तक बारिश की संभावना व्यक्त की है। इस दौरान शहर का अधिकतम तापमान 31 व न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहेगा। इसी क्रम में बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री व न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक 25 सितंबर को तेज धूप रह सकती है जबकि उसके अगले दिन फिर से मौसम बदल सकता है।