गुरुग्राम। सेक्टर-66 क्षेत्र में एक जिम में व्यायाम करने के बाद युवक ने जिम का सामान वापस साइड में रैक पर नहीं रखा। इतनी सी बात पर जिम के जूनियर कोच ने उसे केबिन में बुलाकर पीटा। घायल युवक की शिकायत पर सेक्टर-65 थाना पुलिस आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।
पुलिस के अनुसार यह शिकायत गांव उल्लहावास निवासी सुनील अंबावता ने दी है। वह सेक्टर-66 स्थित हाइप द जिम में हर दिन व्यायाम करने जाता है। सोमवार सुबह 6 बजे भीजिम में गया था। करीब एक घंटे तक उसने व्यायाम किया। आखिरी में करीब 7 बजे वह जिम में साइकलिंग करने लगा। आरोप है कि तभी जिम के जूनियर कोच ने कहा कि एक्सरसाइज करने में प्रयोग की गई सारी प्लेट्स व अन्य सामान उठाकर वापस साइड में रख दो लेकिन युवक ने मना किया तो उसने अपने केबिन में बुलाया। वहां जाते ही उसे गाली देने लगा। पीड़ित ने विरोध जताया तो उसके चेहरे पर मुक्का मारा और मारपीट करने लगा। पीड़ित ने अपने भाई को कॉल कर मदद के लिए बुलाया तो लोहे की रॉड उठाकर पीड़ित को जान से मारने के लिए उसके पीछे भागा जिससे पीड़ित के चेहरे पर चोट लगी और दांत भी हिल गया। सेक्टर-10 अस्पताल में पीड़ित ने इलाज कराया जिसके बाद शिकायत पुलिस को दी गई। मंगलवार को पुलिस टीम वारदात स्थल वाले जिम में गई और जांच की जिसके आधार पर सेक्टर-65 थाना पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है।