गुरुग्राम। शहर के कई सेक्टरों में सोसाइटियों में सफाई व पार्कों के रखरखाव का जिम्मा वार्ड कमेटी को दिए जाने का आरडब्ल्यूए सदस्य लगातार विरोध कर रहे हैं। सोसाइटियों की गलियों व पार्कों में पसरी गंदगी को फोटो व वीडियो वायरल कर वार्ड कमेटी की लापरवाही को उजागर कर रहे हैं। कमेटी से अधिकार वापस लेने व कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
सेक्टर चार की आरडब्ल्यूए के जनरल सेक्रेटरी केएल वासन ने बताया कि पार्कों में बड़ी-बड़ी घास खड़ी है और गंदगी के ढेर हैं। पार्कों के मेंटेनेंस के लिए वार्ड कमेटी को फंड मिल रहा है, लेकिन कमेटी ने पार्कों के रखरखाव के लिए कर्मचारी तक नहीं रखे हैं। इलाके के सीवर चोक हैं। नियमित साफ-साफाई की जानी चाहिए थी, लेकिन फंड को हजम करने के लिए ऐसा नहीं किया जा रहा। सेक्टर- नौ के नरेश कटारिया ने बताया कि इलाके के सभी पार्कों की हालत खराब है कि अब यह टहलने के काबिल नहीं बचे हैं। कई पार्कों में तो कीचड़ और जलभराव अभी तक है। वार्ड कमेटी ने किसी भी जगह कोई भी काम नहीं किया। इसे फंड का अधिकार देकर इलाकों की साफ-सफाई का जिम्मा देने का निगम का निर्णय बहुत गलत साबित हो रहा है। इसे जल्द ही वापस नहीं लिया गया तो हालात और बदतर होंगे।
एक-दूसरे से हालात की तुलना
पार्कों के हालात को लेकर आरडब्ल्यूए के सदस्य अपने समय व अब कमेटी की जिम्मेदारी के समय के तुलनात्मक फोटो डाल रहे हैं। इनमें साफ दिख रहा है कि तब पार्क सही थे और साफ थे। अब गंदगी है और घास बढ़ी हुई है। सेक्टर-चार के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने बताया कि वार्ड कमेटी की लापरवाही को लगातार उजागर किया जा रहा है। लोग तंग आ चुके हैं। निगम को जल्द ही इस पर कार्रवाई करनी चाहिए।