गुरुग्राम। स्कूलों में महीने के पहले शनिवार को विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए योग प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। शिक्षा निदेशालय ने सभी स्कूलों में योग कार्यक्रम आयोजित करने के आदेश जारी किए हैं। मई के पहले शनिवार से इसकी शुरुआत होगी।
कार्यक्रम के तहत पीटीआई, डीपीई और योग प्रशिक्षित शिक्षक अपने-अपने स्कूलों में विद्यार्थियों और शिक्षकों को सुबह 1 घंटे के लिए योग क्रियाएं कराएंगे। स्कूलों में जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) के प्राचार्य, चारों खंडों के शिक्षा अधिकारी सहित जिला शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी स्कूलों में जाकर योग कार्यक्रम में शामिल होंगे। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद गुरुग्राम (एससीईआरटी) ने योग कार्यक्रम के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
बता दें कि हरियाणा शिक्षा विभाग के पहली से 10वीं कक्षा तक के पाठ्यक्रम में शैक्षणिक सत्र 2022-23 से योग विषय लागू किया जा रहा है। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद गुरुग्राम और हरियाणा योग आयोग ने संयुक्त रूप से पाठ्यक्रम तैयार किया है। योग पाठ्यक्रम की कड़ी में ही महीने के पहले शनिवार को स्कूलों में योग क्रियाएं कराई जाएंगी। एससीईआरटी से मीडिया समन्वयक तनु भारद्वाज ने बताया कि सुबह 7 बजे से 8 बजे तक योग क्रियाएं कराई जाएंगी, जिसमें विद्यार्थियों व शिक्षकों के अलावा स्कूल प्रबंधक समिति और अभिभावक भी शामिल हो सकते हैं। जिन स्कूलों में योग प्रशिक्षक की आवश्यकता हो वहां पर जिला शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) के प्राचार्य तथा हरियाणा योग आयोग द्वारा योग विशेषज्ञ भेजे जाएंगे।