गुरुग्राम। ओमिक्रॉन वैरिएंट के मरीजों की स्थिति भले ही गंभीर न हो लेकिन कोरोना मरीजों की संख्या कम होती नहीं दिख रही है। स्थिति यह है कि अब तो रोजाना ही नए मरीजों की संख्या एक दिन पहले के मुकाबले ज्यादा रहती है। इसी क्रम में रविवार को भी जिले में 358 नए मरीज आए जबकि 68 मरीजों को स्वस्थ घोषित किया गया। इसी के साथ जिले में कुल सक्रिय मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 1439 पर पहुंच गया है।
इसमें से 1431 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं जबकि 8 का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। हालांकि, संक्रमितों की स्थिति ज्यादा गंभीर नहीं है और यही वजह है कि अधिकांश मरीज होम आइसोलेशन में रहकर ही ठीक हो रहे हैं। वहीं, अस्पतालों में भी कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या काफी कम है, लेकिन यही स्थिति रही तो हालात कभी भी बदल सकते हैं। वहीं, दूसरी तरफ जैसे-जैसे मरीजों की संख्या बढ़ रही है वैसे ही स्वास्थ्य विभाग जांच का दायरा भी बढ़ा रहा है। इसी क्रम में रविवार को 6038 नमूने लिए गए, जिसमें से 706 की रैपिड एंटीजन किट के जरिए जांच की गई।
-------
ओमिक्रॉन का कोई मामला नहीं :
राहत की बात यह है कि रविवार को ओमिक्रॉन का एक भी मरीज नहीं आया जबकि 1 मरीज और स्वस्थ हो गया है। इसी के साथ कुल मरीजों की संख्या 34 पर ही सीमित है, जिसमें से अब तक 30 मरीज स्वस्थ भी हो चुके हैं।