संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका/ नूंह। शादी का झांसा देकर एक युवती से लगातार बलात्कार और गर्भ ठहर जाने पर जबरन गर्भपात कराने के दौरान युवती की एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। दोनों की दोस्ती फेसबुक के जरिये हुई थी। पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
झारखंड की रहने वाली एक युवती गुरुग्राम में एक प्राइवेट कंपनी में कार्य करती थी। जिसकी फेसबुक के जरिए नगीना कांसली के एक युवक से दोस्ती हो गई। दोनों मोबाइल पर लगातार एक दूसरे के संपर्क में रहने लगे।
दोस्ती होने पर युवक, युवती को शादी का झांसा देकर लगातार बलात्कार करता रहा और गर्भ ठहर जाने पर जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो जबरन गर्भपात के लिए उसने उसे नंूह के एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया, जहां उसकी मौत हो गई । युवती के शव को नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में रखवाया गया है। युवती के भाई विजय प्रकाश की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए शव का पोस्टमार्टम करा कर शव परिजनों को सौंप दिया।
पीड़ित के भाई ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि झारखंड की रहने वाली उसकी बहन जो गुरुग्राम में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करती थी, फेसबुक अकाउंट के जरिए उसकी दोस्ती रहूफ पुत्र गफ्फार खान निवासी कांसली थाना नगीना जिला नूंह से हो गई। वह शादी का झांसा देकर उसके साथ काफी दिनों से बलात्कार कर रहा था। गर्भधारण करने पर बहन ने उस पर शादी के लिए दबाव डाला। उसकी बहन 28 मार्च को गुरुग्राम से अपने जीजा के घर जाने की बात कहकर गई थी लेकिन वह वहां नहीं पहुंची। आरोपी द्वारा उसकी बहन को गुरुग्राम से लाकर नूंह के एक निजी अस्पताल में महिला डॉक्टर और साकरस के एक डॉक्टर से संपर्क कर तीस हजार रुपये में बातचीत करके गर्भपात कराने के िलए उसे दाखिल करा दिया।
उसके मना करने के बावजूद जबरन गर्भपात करने के दौरान उसकी बहन की मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों द्वारा शव को नल्हड़ मेडिकल अस्पताल में पहुंचा दिया गया। जहां से मोबाइल फोन से पता लगा कि बहन की मृत्यु हो गई है। जिसका शव नल्हड़ मेडिकल काॅलेज में है। पीड़ित विजय प्रकाश की शिकायत पर पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिय और जांच शुरू कर दी है । पुलिस पीआरओ कृष्ण कुमार का कहना है कि पुलिस इस संदर्भ में गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।