गुरुग्राम। शिक्षा निदेशालय ने पिछले दिनों कुछ अध्यापकों को पदोन्नत तो कर दिया लेकिन उन्हें प्राचार्य की जिम्मेदारी के लिए स्कूल का आवंटन नहीं किया। पदोन्नत हो चुके प्राचार्य भी अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में हरियाणा अध्यापक संघ ने विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि यदि ये पदोन्नत प्राचार्य स्कूलों में होते तो इनकी सेवाओं का लाभ बच्चों और स्कूल दोनों को मिलता। पदोन्नत हुए शिक्षकों में से पहले ही कई डीडीओ के रूप में विद्यालयों में काम कर रहे थे। अब इनके जिला कार्यालय में होने से अनेक स्कूलों के शिक्षकों को दो महीने से वेतन नहीं मिल रहा है। इससे शिक्षकों में रोष है। यह विभाग की शिक्षा के प्रति गंभीरता दर्शाता है। विभाग ने पिछले तीन महीने में स्थानांतरण के लिए दो बार कार्यक्रम जारी किया है लेकिन अभी तक एक भी स्थानांतरण नहीं हुआ है। अब शिक्षकों में भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। इसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि शिक्षकों की अन्य मांगों सहित ये सभी मुद्दे 8 सितंबर को शिक्षा निदेशालय पंचकूला पर होने वाले प्रदर्शन में प्रमुखता से उठाए जाएंगे।