गुरुग्राम। उद्योग विहार फेज चार में सुरक्षा गार्ड और उसके साथियों ने प्लंबर की पीट-पीट कर हत्या कर दी। घायल अवस्था में वह सड़क किनारे पड़ा मिला तो उसे सिविल अस्पताल में दाखिल कराया। हालत गंभीर होने के कारण उसे सफदरजंग रेफर कर दिया गया। वहां पर दाखिला न मिलने पर परिवार वाले घर ले आए, जहां पर उसकी मौत हो गई। उद्योग विहार थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार यह शिकायत यूपी बदायूं के मूल निवासी मृतक शेर सिंह की पत्नी अन्नू ने दी है। गुरुग्राम में वह छिप्पी कॉलोनी में रहती हैं। आरोप है कि 10 अगस्त को दोपहर 3 बजे घर से खाना खाकर उद्योग विहार फेज-4 स्थित कंपनी में गए थे, लेकिन वहां से वापस नहीं लौटे। शाम को वह उद्योग विहार एरिया में ही सड़क किनारे घायल हालत में पड़े मिले। उनसे मारपीट की गई थी। घायल हालत में किसी राहगीर से प्लंबर ने अपने घर कॉल कराया। 11 अगस्त बुधवार को उद्योग विहार थाना में सिविल अस्पताल से मारपीट में घायल व्यक्ति की सूचना मिली तो पुलिस वहां पहुंची। लेकिन तब तक मरीज को रेफर किया जा चुका था।
परिवार से संपर्क किया तो बताया कि उसकी मौत हो चुकी है और वह घर पर हैं। तब पुलिस ने संपर्क किया। महिला ने बयान दिया है कि ड्यूटी जाते समय एक कंपनी में मौजूद गार्ड पति को बुला रहा था। लेकिन पति ने वापसी में मिलने को कहा। आरोप है कि वापसी में भी उस गार्ड ने बुलाया और अंदर ले जाकर तीन लोगों ने बुरी तरह से मारपीट कर सड़क किनारे फेंक दिया। उद्योग विहार थाना एसएचओ इंस्पेक्टर सतबीर ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ हत्या के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि मारपीट कर हत्या किसने की। आस-पास के क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांच कराई जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।