सेक्टर-14 स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय में लगी कक्षा में पढ़ती हुई छात्राएं।
- फोटो : Gurgaon
गुरुग्राम। नए शैक्षणिक सत्र 2021-22 के तहत स्नातक में दाखिला प्रक्रिया पूरी होने के उपरांत सोमवार से महाविद्यालयों में ऑफलाइन कक्षाओं में विद्यार्थियों ने पढ़ाई शुरू की। पहले दिन विद्यार्थियों की संख्या काफी कम रही। द्वितीय वर्ष और तृतीय वर्ष के छात्रों ने कक्षाओं में बैठकर पढ़ाई की।
महाविद्यालय में बनाई कमेटी के सदस्यों से प्रथम वर्ष के विद्यार्थी महाविद्यालय परिसर, अपनी कक्षाओं और शिक्षकों के बारे में जानकारी लेते दिखाई दिए। गुरुग्राम विश्वविद्यालय से संबद्ध जिले के 9 राजकीय महाविद्यालयों सहित निजी महाविद्यालयों में कक्षाएं शुरू हुई हैं। हालांकि, अभी भी राजकीय महाविद्यालयों में विद्यार्थियों द्वारा सीटें छोड़ने का सिलसिला जारी है।
जानकारी हो कि गुरुग्राम विश्वविद्यालय ने कोरोना महामारी के संक्रमण को देखते हुए बीते शैक्षणिक सत्र के प्रथम व द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों को बिना परीक्षा ही अगली कक्षाओं में प्रमोट कर दिया था। ऐसे में नए सत्र 2021-22 में द्वितीय व तृतीय वर्ष की ऑनलाइन कक्षाएं लगाकर पढ़ाई कराई जा रही थी। ऐसे में सोमवार को स्नातक के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के साथ ही द्वितीय वर्ष एवं तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए महाविद्यालयों में कक्षाएं शुरू हुई हैं।
राजकीय महिला महाविद्यालय सेक्टर-14 के प्राचार्य डॉ. आरके गर्ग ने बताया कि दाखिला प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही विद्यार्थियों को बता दिया गया था कि 18 अक्तूबर से महाविद्यालयों में कक्षाएं शुरू होंगी। सोमवार को पहले दिन विद्यार्थियों की संख्या कम रही, लेकिन आगामी 2 या 3 दिनों में अधिकतर विद्यार्थी महाविद्यालयों में पढ़ाई करने आने लगेंगे।