मंचन स्थान बदलने की जानकारी देते अयोध्या की रामलीला कमेटी के पदाधिकारी एवं कलाकार।
- फोटो : Gurgaon
गुरुग्राम। प्रदूषण स्तर बढ़ने के कारण जिला प्रशासन द्वारा कई प्रतिबंध लगाए गए हैं। ऐसे में अयोध्या की रामलीला के मंचन का सरकार द्वारा जारी किए गए निर्देशों पर स्थान बदला गया है। सेक्टर-46 स्थित एचएसवी ग्लोबल स्कूल में होने वाली यह रामलीला 21 नवंबर को झाड़सा के सामुदायिक केंद्र में होगी। बृहस्पतिवार को अयोध्या की रामलीला के अहम किरदारों और रामलीला के अध्यक्ष ने पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी।
अयोध्या की रामलीला के अध्यक्ष सुभाष मलिक (बॉबी) ने बताया कि अयोध्या के बाद अब यह रामलीला गुरुग्राम में होने जा रही है। प्रदूषण के चलते सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश मिला है, जिसके कारण रामलीला की जगह बदली गई है। झाड़सा के सामुदायिक केंद्र में यह रामलीला 21 नवंबर को दोपहर बाद 3 बजे से सायं 6 बजे तक होगी। रामलीला में राम की भूमिका निभा रहे कलाकार राहुल बुच्चर ने कहा कि रामलीला के माध्यम से हम एक संस्कृति को दिखा रहे हैं और आज की पीढ़ी को जागरूक कर रहे हैं। सीता की भूमिका निभाने वाली अदाकारा रिया कोहली ने कहा कि यह एक बेहतरीन रोल है। मर्यादाओं से भरा सीता जी का जीवन है। वहीं, कैकेयी के किरदार में ज्योति सिंघल और शबरी के किरदार में दीपक राजौरा मुख्य भूमिका निभाते हुए नजर आएंगी।