गुरुग्राम। दिल्ली से गुरुग्राम होकर वडोदरा और मुंबई तक 1350 किलोमीटर लंबा हाईवे केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का ड्रीम प्रोजेक्ट है। इसमें नूह जिले के फिरोजपुर झिरका में होटल, प्ले एरिया और फूड कोर्ट का निर्माण किया जा रहा है। जिससे कि यात्रियों को रास्ते में किसी भी तरह की परेशानी न हो।
गुरुग्राम में इसकी शुरुआत भोड़सी सोहना के बीच अलीपुर गांव से होगी। यह एक्सप्रेसवे पलवल के सात गांवों से होकर निकलेगा। इसी तरह गुरुग्राम के 11 और नूह जिले के 47 गांवों से होकर मुंबई के लिए जाएगा। इसके बाद राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात होकर महाराष्ट्र में मुंबई में समाप्त होगा। सरकार के प्राथमिकता वाले इस प्रोजेक्ट को 2023 तक बनाए जाने की योजना है। लेकिन हरियाणा प्रांत के इन तीनों जिलों में यह हाईवे 2022 तक बनकर तैयार हो जाएगा। अधिकारियों के अनुसार फिरोजपुर झिरका में यात्रियों के लिए पिकनिक स्पॉट की व्यवस्था की गई है। यहां पर अन्य सुविधाएं भी प्रदान करने के बारे में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय की ओर से व्यवस्थाएं की जा रहीं हैं।
द्वारका एक्सप्रेसवे की एलिवेटेड रोड बाद में बनेगी
गुरुग्राम। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय ने फैसला लिया है कि दौलताबाद गांव के पास पिलर 107 और 109 के बीच ध्वस्त हुए सेगमेंट की जांच पूरी होने तक एलिवेटेड हिस्से का निर्माण नहीं होगा। काम समय से पूरा करने के उद्देश्य से इस एक्सप्रेसवे के अंडर पास और रोड का निर्माण जल्दी ही शुरू कर दिया जाएगा। ध्वस्त हिस्से को गिराने की कार्रवाई भी जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर की जानी है। इस बारे में सोमवार को केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय व हाई पावर कमेटी की संयुक्त बैठक हुई थी। जिसमें यह फैसला लिया गया। यह भी तय हुआ कि एलिवेटेड रोड तकनीकी मामला है, इसलिए इसको बनाने के बारे में जल्दबाजी नहीं करनी है। तकनीकी अधिकारियों की जांच पूरी होने के बाद ही इस रोड के निर्माण के बारे में निर्णय होगा। द्वारका एक्सप्रेसवे के परियोजना निदेशक निर्मान जंभुलकर का कहा है कि हाईपावर कमेटी ने जांच में क्या किया। इस बारे में कोई जानकारी नहीं है लेकिन यह संकेत मिले हैं कि पहले अंडर पास और रोड आदि का निर्माण होगा।
कोरोना के कारण टला गडकरी का दौरा
गुरुग्राम। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का आठ अप्रैल को प्रस्तावित निरीक्षण कार्यक्रम बढ़ते कोरोना संक्रमण के कारण टाल दिया गया है। संयुक्त निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क आरएन सागवान ने बताया कि आठ अप्रैल को उन्हें गुरुग्राम और फिरोजपुर झिरका में निरीक्षण करना था, लेकिन अब उनका दौरा रद कर दिया गया है। ब्यूरो