गुरुग्राम। पिछले साल के मुकाबले इस बार मार्च का पखवाड़ा बीतने के बाद से ही गर्मी का प्रकोप शुरू हो गया है। हालात यह हैं कि पिछले 10 दिन में 10 डिग्री सेल्सियस तक औसत तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे गर्मी काफी बढ़ गई है। अप्रैल शुरू होने में अभी लगभग दो सप्ताह बचे हैं लेकिन अभी से ही दोपहर में लू का अहसास होने लगा है। ऐेसे में इस बार अप्रैल मध्य से ही लोगों की परेशानी बढ़ने वाली है।
मौसम विभाग के आंकड़ों को देखें तो 10 दिन पहले तक अधिकतम तापमान 27 डिग्री व न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहता था। वहीं, शनिवार को न्यूनतम तापमान 21 डिग्री व अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक 23 मार्च को बूंदाबांदी हो सकती है लेकिन इससे तापमान पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा और गर्मी की स्थिति ऐसी ही बनी रहेगी। इतना ही नहीं करीब दो सप्ताह बाद हालात और खराब होने वाले हैं। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक अगले एक सप्ताह में न्यूनतम तापमान तो 20 से 22 डिग्री सेल्सियस ही रहेगा लेकिन अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी।
प्रदूषण में कमी नहीं
ऐसे में सबसे ज्यादा परेशानी राहगीरों को हो सकती है, जो तेज धूप में झुलसने को मजबूर होंगे। इतनी तेज धूप होने के बावजूद शहर में वायु गुणवत्ता अच्छी नहीं है। इसी क्रम में शनिवार को भी शहर का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 236 दर्ज किया गया। दो दिन पहले तक शहर का एक्यूआई 200 से नीचे बना हुआ था। प्रदूषण के लिए मुख्य रूप से सड़कों से उड़ने वाली धूल व निर्माण कार्यों को जिम्मेदार माना जा रहा है। सोहना रोड व फर्रुखनगर रोड पर निर्माण कार्यों के कारण सबसे ज्यादा धूल उड़ रही है।