गुरुग्राम। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड से संबद्ध स्कूलों में शनिवार से नौवीं और 11वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं शुरू हुईं। पाठ्यक्रम से पेपर आने से विद्यार्थी खुश नजर आए। शनिवार सुबह 8.30 बजे से 11 बजे तक परीक्षा हुई। नौवीं में हिंदी और 11वीं में अंग्रेजी विषय का पेपर था। थ्योरी पेपर 80 अंक और सतत एवं व्यापक मूल्यांकन (सीसीई) में 20 अंक मिलेंगे। इसके अलावा विज्ञान, शारीरिक शिक्षा सहित अन्य विषयों की प्रायोगिक परीक्षाएं 40 अंक और थ्योरी पेपर 60 अंक निर्धारित किए गए हैं। प्रश्नपत्र हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से तैयार करके जिला शिक्षा कार्यालय में भेजे गए थे।
प्रधानाचार्यों ने शिक्षकों की ड्यूटी खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से प्रश्नपत्रों के पैकेट लाने की लगाई हुई है। पेपर होने से पहले सुबह 7.30 बजे खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचकर शिक्षक प्रश्नपत्र पैकेट प्राप्त करते हैं और स्कूलों को पहुंचाते हैं। शिक्षा बोर्ड की निर्देशानुसार ही प्रश्नपत्रों के पैकेट खोले जाते हैं। वार्षिक परीक्षाओं में नकल पर अंकुश लगाने के लिए शिक्षा बोर्ड ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं। आगामी 2 मार्च तक नौवीं कक्षा और 9 अप्रैल तक 11वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं आयोजित होंगी। परीक्षाओं के उपरांत सभी विषयों की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करने के उपरांत ही परिणाम जारी किए जाएंगे।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बास कुशला के प्रधानाचार्य हेमंत मोंगिया ने बताया कि वार्षिक परीक्षाओं को लेकर पाठ्यक्रम की पूूरी तैयारी करवा दी थी, जिससे विद्यार्थियों को पेपर देने में कोई परेशानी नहीं हुई। पढ़ाए हुए पाठ्यक्रम से ही प्रश्नपत्र आया है। पेपर होने के बाद स्कूलों में विषयवार शिक्षक ही उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करेंगे।