फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गुरुग्राम: दिल्ली में स्पा खोलने के नियम हुए सख्त तो गुरुग्राम को बना रहे सेंटर, विरोध में आए दुकानदार व संस्थाएं

Thu, 02 Sep 2021 06:27 PM IST
पूजा त्रिपाठी अमर उजाला नेटवर्क, गुरुग्राम

सार

गुरुग्राम के एमजी रोड, डीएलएफ, न्यू गुरुग्राम, सोहना रोड सहित कई स्थानों के मॉल्स में कोरोना महामारी और लॉकडाउन के बाद दुकानों व शोरूम की जगह खाली हो गई हैं। ऐसे में स्पा सेंटरों के संचालन के लिए इन मॉल्स और दुकानों के मालिकों से संपर्क किया जा रहा है।
विज्ञापन
फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

स्पा और मसाज सेंटरों में यौन शोषण रोकने के लिए दिल्ली सरकार द्वारा नई गाइडलाइन लागू करने के बाद अब संचालक गुरुग्राम में स्पा सेंटर खोलने के लिए जगह तलाश रहे हैं। कुछ लोग डीएलएफ और न्यू गुरुग्राम को सेंटर बना रहे हैं। यहां के दो दर्जन मॉल्स पर उनकी निगाहें टिकी हुईं हैं। क्योंकि, गुरुग्राम में स्पा सेंटरों के लिए दिल्ली के मुकाबले सख्ती नहीं है और यहां उन्हें आसानी से अनुमति मिल रही है। बहरहाल, गुरुवार को एमजी रोड स्थित एमजीएफ मेट्रोपोलिस मॉल्स की एसोसिएशन सहित अन्य लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। 

विज्ञापन


दरअसल, शहर के एमजी रोड, डीएलएफ, न्यू गुरुग्राम, सोहना रोड सहित कई स्थानों के मॉल्स में कोरोना महामारी और लॉकडाउन के बाद दुकानों व शोरूम की जगह खाली हो गई हैं। ऐसे में स्पा सेंटरों के संचालन के लिए इन मॉल्स और दुकानों के मालिकों से संपर्क किया जा रहा है।

हालांकि, मॉल्स की दुकानों की एसोसिएशन नए स्पा सेंटर खोलने के विरोध में उतर गई है। एसोसिएशन के प्रधान प्रकाश ओबराय, सपना सहरावत, अमित काम्बोज, सौरभ, अमन बजाज सहित काफी संख्या में दुकानदार, एसोसिएशन के सदस्यों सहित सामाजिक संस्थाओं के लोग एकत्र हुए और खाली पड़ी दुकानों व शोरूम मालिकों द्वारा स्पा सेंटर खोलने के लिए किराए पर दुकान देने का विरोध किया।
विज्ञापन


इस दौरान एसोसिएशन सदस्यों ने पुलिस प्रशासन को भी अवगत कराया कि एमजीएफ मेट्रोपोलिस मॉल में पहले ही 11 स्पा सेंटर अलग-अलग तल पर संचालित किए जा रहे हैं। अगर यहां पर नए खुलते हैं तो माहौल काफी खराब हो जाएगा। लोगों का परिवार के साथ यहां आना बंद होगा। जिससे मॉल की अन्य दुकानों तथा शोरूम का काम-धंधा ही बंद हो जाएगा।

खाली दुकानों के मालिकों से संपर्क साध रहे
राजधानी दिल्ली में स्पा सेंटर चलाने के लिए नई गाइडलाइन जारी होने के बाद वहां के सेंटर को बंद करके गुरुग्राम में जगह तलाशी जा रही है। यहां के मॉल्स में खाली पड़ी दुकानों के मालिकों से स्पा संचालक संपर्क करके अधिक किराया देने का प्रलोभन दे रहे हैं, ताकि उनको जल्द से जल्द जगह मिल सके। 4 दिन पहले ही एमजीएफ मेट्रोपोलिस मॉल की एसोसिएशन को जानकारी मिली कि दुकानदारों द्वारा स्पा सेंटर के लिए किराए पर दुकानें दी जा रही हैं। जिस पर एसोसिएशन पदाधिकारियों ने दुकान मालिक से स्पा सेंटर को दुकान नहीं देने की बात कही लेकिन अब एसोसिएशन के पदाधिकारियों के पास दबाव बनाने के लिए फोन आ रहे हैं। 

एमजीएफ मेट्रोपोलिस मॉल में भूतल के लिए 1 लाख से 1.25 लाख रुपये किराया, प्रथम तल के लिए 80 हजार से 1 लाख तक किराया, वहीं द्वितीय तल के लिए 70 से 80 हजार रुपये किराया दुकानों व शोरूम के लिए निर्धारित है। 

दूसरी एसोसिएशन भी देंगी साथ
एसोसिएशन के सदस्य अमन बजाज ने बताया कि एमजी रोड स्थित अन्य मॉल्स की एसोसिएशन भी नए स्पा सेंटर खोलने के विरोध में उनके साथ आएंगी। क्योंकि मॉल्स में ज्यादा संख्या में स्पा सेंटर खुलने से लोग अपने बच्चों के साथ खरीदारी करने नहीं पहुंचेंगे। जिससे मॉल्स के दुकानदारों का काम ठप होगा। उन्होंने बताया कि पुलिस अधिकारियों को भी अपनी समस्या से अवगत कराया है। वहीं, गुरुग्राम के विधायक सुधीर सिंगला से मिलकर नए स्पा सेंटर नहीं खोलने के बारे में बात की जाएगी। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें