गुरुग्राम। सोहना थाना क्षेत्र में 5 दिसंबर की रात को दो युवकों ने कैब बुक की। कैब में कुछ देर चलने के बाद उन्होंने चालक से बदसलूकी करते हुए उसे नीचे फेंक दिया और कैब लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने दोनों के खिलाफ सोहना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, सरफु खान निवासी गांव छापडा नूंह के रहने वाले हैं। वह कैब चालक हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पांच दिसंबर को समय रात करीब 9.46 बजे नवीन के नाम से भोंडसी पेट्रोल पंप से टैठड गांव के लिए बुकिंग की गई। वह सवारी लेने के लिए पहुंच गए। कुछ देर बाद दो युवक नवीन व सरजीत टैठड के लिए चल दिए। गांव राहाका बस अड्डे पर दोनों युवक उनके साथ बदसलूकी करने लगे। इस दौरान एक होटल के पास चालक ने कैब रोक दी। आरोप है कि दोनों ने उन्हें कैब से नीचे फेंक दिया और जान से मारने की धमकी देकर कैब लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद थाने में शिकायत दी। जांच अधिकारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की पहचान कर तलाश की जा रही है।