गुुरुग्राम। फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (एफआईआई) के प्रतिनिधिमंडल ने पीडब्ल्यूडी रेस्टहाउस में उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए गुरुग्राम के उद्योगों व श्रमिकों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। एफआईआई के प्रदेश महासचिव दीपक मैनी प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई कर रहे थे। प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री को गुरुग्राम में ईएसआई अस्पताल के लिए जगह निर्धारित करने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
मालूम हो कि फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री की मांग पर भारत सरकार के ईएसआई विभाग ने गुरुग्राम में औद्योगिक श्रमिकों के लिए 500 बेड के अस्पताल बनाने का आदेश जारी किया है। एफआईआई हरियाणा के महासचिव दीपक मैनी ने उपमुख्यमंत्री को बताया कि गुरुग्राम में लगभग 18 लाख औद्योगिक श्रमिक ईएसआई में पंजीकृत हैं। नियम के मुताबिक एक लाख श्रमिकों पर एक अस्पताल होना चाहिए जबकि गुरुग्राम में केवल दो ही अस्पताल हैं।
उपमुख्यमंत्री ने दिया आश्वासन
हरियाणा सरकार में श्रम व उद्योग मंत्रालय को संभाल रहे उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने एफआईआई के प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि औद्योगिक क्षेत्रों में शीघ्र ही सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। ज्ञापन पर त्वरित कार्रवाई के लिए उपमुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को भी इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एफआईआई के प्रतिनिधिमंडल में गुरुग्राम के अध्यक्ष पीके गुप्ता, उपाध्यक्ष रविन जैन, महासचिव डॉ. एसपी अग्रवाल, कोषाध्यक्ष डीपी गौड़, समाजसेवी डॉ. सौरभ गुप्ता समेत अन्य मौजूद रहे।