गुरुग्राम। सोहना विधायक संजय सिंह के कार्यालय में रविवार को भारतीय जनता पार्टी (गुरुग्राम) के प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसमें आगामी 23 अक्तूबर को सोहना विधानसभा के सरमथला गांव में होने वाली सीएम की विकास रैली की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
इसमें जिला अध्यक्ष गार्गी कक्कड़ समेत प्रदेश व जिला पदाधिकारी मौजूद रहे। विधायक बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष गार्गी कक्कड़ ने सभी को विकास रैली की तैयारियों के लिए काम का विभाजन किया। उन्होंने कहा कि यह विकास रैली सोहना विधानसभा की अब तक की सबसे बड़ी रैली होगी।
इसके संयोजक सोहना विधायक संजय सिंह ने कहा कि पिछले सात सालों में यहां हुए विकास कार्यों को लेकर इस रैली का आयोजन किया जा रहा है। इसी दिन सरमथला गांव में महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण भी किया जाएगा। उन्होंने सभी को विकास रैली का निमंत्रण भी दिया। बैठक में जिला मीडिया प्रभारी अजीत यादव, महामंत्री मनीष गाडौली, प्रदेश में सह प्रवक्ता सुदेश कटारिया, हरवीर अधाना, राजेश अरोड़ा, ज्योति डेंबला समेत अन्य लोग मौजूद रहे।