गुरुग्राम। भोंडसी जेल में तीन दिन पहले कैदियों के बीच हो रहे झगड़े में बीच-बचाव कराना एक अन्य कैदी को भारी पड़ गया। 3-4 आरोपियों ने पहले कैदी को धमकी दी और अगले दिन उस पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। घायल हालत में कैदी को जेल अस्पताल से सिविल अस्पताल रेफर किया। कैदी के बयान पर भोंडसी थाना में आरोपी कैदियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार यह शिकायत विचाराधीन कैदी महावीरपुरा कॉलोनी निवासी पंकज ने दी है। आरोप है कि 7 अगस्त को राजू बिहारी नामक कैदी की लड़ाई हरीश लम्बरदार से हो गई थी। इस लड़ाई में वह बीच-बचाव किया था। राजू ने धमकी दी थी कि तूझे भी मारुंगा। रात को गश्त पर आए हवलदार को कैदी ने धमकी के बारे में बताया था। इसके बाद 8 अगस्त की सुबह राहुल और राजू के पास कटन (तेजधार हथियार) बरामद हुआ था। सुबह आए पुलिस वालों के सामने आरोपितों ने बोला था कि हम पंकज को मारेंगे। फिर इन्हें पकड़ कर पुलिसकर्मी ले गए और शाम को छोड़ दिया। आरोप है कि 9 अगस्त की सुबह करीब साढ़े 8 बजे राजू बिहारी, राहुल और गौरव आदि ने मिलकर उस पर हमला कर दिया। उस समय वो जेल परिसर में बैठा था। पीड़ित पर तेजधार हथियार से वार किए गए। इससे नाक की हड्डी टूट गई। उसके सिर व होंठ पर भी तेजधार हथियार मारे। मंगलवार 10 अगस्त को पुलिसकर्मी उसके बयान लेने सिविल अस्पताल पहुंचे। लेकिन तब वो बयान देने की हालत में नहीं था। जिसके बाद बुधवार को उसके बयान लिए जा सके। भोंडसी थाना प्रभारी जगबीर ने बताया कि आरोपी कैदियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले में कार्रवाई की जा रही है।