गाड़ी में लिफ्ट देकर महिला से छेड़छाड़, आरोपी फरार
गुरुग्राम। सदर थाना क्षेत्र में गाड़ी में लिफ्ट देने के बहाने चालक ने महिला से छेड़छाड़ की। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी चालक की पहचान कर उसके खिलाफ छेड़छाड़ समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी के मुताबिक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
मूल रूप से फिरोजपुर झिरका निवासी 29 वर्षीय महिला बादशाहपुर में परिवार के साथ किराए पर रहती हैं। वह सेक्टर-34 स्थित निजी कंपनी में काम करती है। बृहस्पतिवार को वह कंपनी गेट पर बादशाहपुर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही थी। इतने में निजी कंपनी में गाड़ी चालक दिनेश कुमार पहुंचा। उसने महिला को बादशाहपुर की तरफ ही जाने की बात कहकर लिफ्ट दे दी। महिला ने आरोप लगाया कि रास्ते में चालक उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा।
महिला ने जब विरोध करते हुए गाड़ी रोकने को कहा तो चालक ने उसे किसी को कुछ बताने पर बदनाम करने की धमकी दी और फरार हो गया। बृहस्पतिवार शाम को महिला ने इसकी शिकायत सदर थाना क्षेत्र में की। इस पर पुलिस ने गाड़ी के रजिस्ट्रेशन के आधार पर आरोपी की पहचान करते हुए मामला दर्ज कर लिया। मामले की जांच कर रहे हेड कांस्टेबल मंजू ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-------