गुरुग्राम। जिले में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसी क्रम में शनिवार को भी 171 नए मरीज मिले जो एक दिन पहले के मुकाबले 21 ज्यादा रहे। वहीं, महज 89 संक्रमितों को स्वस्थ घोषित किया गया। इसी के साथ संक्रमण दर बढ़कर 5.52 फीसदी पर पहुंच गई। 171 नए मरीज मिलने के बाद अब जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 671 पर पहुंच गई है।
इसमें से तीन मरीज जिला कोविड अस्पतालों में भर्ती हैं, जबकि 668 मरीज होम आइसोलेशन में रहकर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। कोरोना के आंकड़ों पर गौर करें तो प्रदेश में रोज मिलने वाले मरीजों में से करीब 85 फीसदी अकेले गुरुग्राम से हैं जबकि कुल सक्रिय मरीजों में 80 फीसदी संक्रमित गुरुग्राम के शामिल हैं। इतना ही नहीं प्रदेश के 22 जिलों में से गुरुग्राम, फरीदाबाद के अलावा कुरुक्षेत्र व रेवाड़ी ही ऐसे जिले हैं जहां एक-दो मरीज मिल रहे हैं। शेष अन्य जिलों में अब रोज मिलने वाले मरीजों की संख्या शून्य हो चुकी है। हालांकि, कोरोना के समग्र आंकड़ों को देखें तो पता चलता है कि धीरे-धीरे संक्रमण दर में कमी आ रही है। एक दिन पहले संक्रमण दर 5.80 फीसदी थी जो शनिवार को कम होकर 5.52 फीसदी पर पहुंच गई।