अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को डेंगू के दो नए मामलों की पुष्टि की। दोनों ही मामले शहरी क्षेत्र से संबंधित रहे। विभागीय अधिकारियों के अनुसार ज्यादातर युवाओं में ही डेंगू की पुष्टि हो रही है।
रविवार को अवकाश का दिन होने के कारण कम लोग ही जांच के लिए पहुंचे। विभाग की ओर से कुल 21 लोगों की जांच की गई। अब तक कुल 3583 लोगों की डेंगू की जांच की गई है। जिला डेंगू व मलेरिया रोकथाम विभाग अधिकारी डॉ. जय प्रकाश ने बताया कि अब तक कुल जांच में 72 लोग डेंगू से पीड़ित मिले हैं। फिलहाल नागरिक अस्पताल में 14 मरीज उपचाराधीन हैं। विभाग लगातार लोगों को डेंगू के प्रति जागरूक करने में जुटा है। लोग सतर्क रहें। घरों के आस पास पानी जमा न होने दें। इससे डेंगू के लार्वा को पनपने से रोका जा सकता है।