गुरुग्राम। ऑनलाइन पेमेंट लेने के नाम पर डिलीवरी बॉय ने बैंक खाते की जानकारी लेकर अलग-अलग ट्रांजेक्शन कर लगभग एक लाख 70 हजार रुपये की ठगी की है। साइबर थाना पुलिस की जांच के बाद सेक्टर-50 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ आईटी एक्ट व धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार निर्वाणा कंट्री निवासी देवेंद्र कुमार ने बताया कि उसने 19 अक्तूबर को डिस्कवरी वाइन पर शराब का ऑनलाइन आर्डर किया था। इसके बाद उन्हें कथित डिलीवरी बॉय विशाल का फोन आया जिसने 6530 रुपये की पेमेंट एडवांस करने की बात कही। यह भुगतान पेटीएम या क्रेडिट कार्ड के जरिये ही करने के लिए कहा गया। इस पर देवेंद्र ने उससे पहचान पत्र मांगा तो विशाल ने अपना आधार कार्ड उन्हें व्हाट्सएप पर भेज दिया। इसके बाद उन्हें एक पेमेंट लिंक भेजा गया जिसके बाद उनके खाते से 6530 रुपये निकल गए।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि कुछ देर बाद उनके क्रेडिट कार्ड से 86 हजार रुपये निकल गए। इसके लिए उन्हें कोई ओटीपी नहीं मिला। कुछ देर बाद उन्हें क्रेडिट कार्ड जारी करने वाले बैंक से फोन आया जिसने ट्रांजेक्शन के बारे में कंफर्म किया। इस पर उन्होंने क्रेडिट कार्ड व निकाली गई राशि को ब्लॉक करा दिया। कुछ देर बाद उन्हें डिलीवरी बॉय विशाल का दोबारा फोन आया जिसने गलती से यह रुपये पेटीएम के जरिये वापस करने की बात कही। इसके बाद उनके पेटीएम के जरिये 46 हजार व 37 हजार रुपये की ट्रांजेक्शन हो गई। इस पर उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। साइबर थाना पुलिस की जांच के बाद सेक्टर 50 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ साइबर एक्ट व धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।