गुरुग्राम। डीएलएफ फेस-1 थाना की पुलिस ने ग्वाल पहाड़ी से दो ऐसे वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है, जो दिल्ली से चुराई बाइक व अन्य वाहन को गुरुग्राम में सस्ते दर पर बेचते थे। गिरफ्तार दोनों आरोपी की पहचान महरौली निवासी जगबीर व छतरपुर निवासी गुलशन के रूप में हुई है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार सोमवार रविवार शाम सब-इंस्पेक्टर संदीप, कांस्टेबल आनंद अपनी टीम के साथ ग्वाल पहाड़ी पर आते-जाते वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक स्कूटी व बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। शक होने पर दोनों को पुलिस ने धर दबोचा। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया उन्होंने 19 मई को स्कूटी व बाइक को दिल्ली के ग्रीन पार्क बाजार से चोरी किया था। इन दोनों वाहनों को वह गुरुग्राम में बेचने आए थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।