देश की राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद में सोमवार को अपराध की कई वारदातें घटीं। ठगी, जानलेवा हमला और रंगदारी मांगने समेत कई मामले सामने आए। पुलिस ने इन मामलों में केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। यहां पढ़ें गाजियाबाद की अपराध की खबरें...
यूपी में लगातार बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। गाजियाबाद जिले में सोमवार को मारपीट और जानलेवा हमले के कई मामले सामने आए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया है। जिनका शांतिभंग में चालान किया है।
विज्ञापन
हथौड़ा मारकर युवक को किया घायल
गाजियाबाद के मधुवन बापूधाम थाना इलाके में दुहाई फाटक पर दबंग ने युवक को हथौड़ा मारकर घायल कर दिया। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में पीड़ित पक्ष ने आरोपी दीपू जाट के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। दुहाई गांव निवासी सौरभ निजी कंपनी में कार्यरत है। पीड़ित के मुताबिक, वह छह सितंबर को दुहाई में फाटक के पास किसी से फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान आरोपी आया और गाली गलौज करते हुए उस पर हथौड़े से हमला कर दिया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सहकर्मी ने साथी कामगार को पीटा
गाजियाबाद के मोदीनगर के भोजपुर के गांव ईशापुर स्थित एक फैक्टरी में काम करने के दौरान सहकर्मी ने कामगार को बुरी तरह पीट कर घायल कर दिया। भोजपुर के कस्बा फरीदनगर निवासी आयान ईशाकनगर स्थित एक फैक्टरी में काम करता है। बताया गया कि साथी कामगार आयान से किसी बात को लेकर रंजिश रखता है। सोमवार सुबह आरोपी सहकर्मी आयान के साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी सहकर्मी ने आयान की पिटाई कर दी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
शराब पीने के विरोध पर युवक का सिर फाड़ा
मुरादनगर की राधेश्याम विहार कॉलोनी में शराब पीने का विरोध करने पर युवक ने हथौड़ा मारकर मैकेनिक का सिर फोड़ दिया। पीड़ित ने पुलिस से गुहार लगाई है। रेलवे रोड निवासी मनोज कुमार बिजली मैकेनिक हैं, मनोज ने बताया कि राधेश्याम विहार कॉलोनी में एक मकान में बिजली फिटिंग का काम कर रहे हैं। दूसरे मजदूर बैठकर शराब पी रहे थे। शराब पीने का विरोध करने पर उन्होंने हथौड़ा से मनोज पर प्रहार कर दिया। इसके अलावा हुसैनपुर गांव में पड़ोसी से मारपीट के मामले में नरेश का शांतिभंग में चालान किया है।
पत्नी से कहासुनी के बाद घर में लगाई आग
गाजियाबाद के रजापुर में पत्नी से कहासुनी होने पर पति ने घर में आग लगा दी। आरोप है कि पति ने पत्नी को भी आग में धकेलने की कोशिश की। पीड़िता ने इस बाबत थाने में शिकायत दी है। बरेली निवासी सुषमा ने बताया कि उनकी शादी रजापुर निवासी युवक से हुई थी। पति के दूसरी महिला से संबंध है। दो दिन तक पति जब घर नहीं आया तो उसने इस पर आपत्ति दर्ज कराई। इसी बात को लेकर पति बोतल में पेट्रोल लाया और आग लगा दी। किसी तरह उसने भागकर जान बचाई। घर का पूरा सामान जल गया।
किरायेदार पर रंगदारी मांगने का आरोप
गाजियाबाद के नेहरूनगर में किराएदार के खिलाफ महिला रीतू जैन ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि मकान खाली करने की एवज में आरोपी उनसे 30 लाख रुपये की रंगदारी मांग रहा है। उनके परिवार के तीन बच्चों को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। रीतू जैन ने बताया कि उनके पति सीए हैं। उन्होंने मकान का बैनामा कराया था। मकान के ऊपरी तल पर मनु किराएदार है। वहीं, एसीपी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मनु भारद्वाज व उसके बेटे दिव्यांश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
कॉलेज में घुसकर बनाया वीडियो, केस दर्ज
गाजियाबाद के विजयनगर में संतोष डीम्ड टूबी विश्वविद्यालय के जीएम प्रशासन एस चक्रवर्ती ने ललित कुमार गोयल निवासी मौसम विहार, कृष्णानगर, पूर्वी दिल्ली के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि उन्होंने कॉलेज में अनाधिकृत तरीके से घुसकर कॉलेज की गोपनीयता भंग की और वहां की वीडियो बनाकर उनको सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया। जिससे उनकी प्रतिष्ठा खराब होने के साथ उनकी सुरक्षा को भी खतरा पैदा हो गया है। एसीपी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
गाजियाबाद के प्रताप विहार निवासी गौरव गौतम से शातिर ने यूपी पुलिस में नौकरी लगवाने के नाम पर 1.85 लाख रुपये ठग लिए। रुपये वापस मांगने पर आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहा है। मामले में गौरव ने विजयनगर थाने में हेमंत कुमार व एक अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। गौरव गौतम ने बताया कि करीब एक साल पहले उनकी मुलाकात पुराने बस अड्डे के निकट स्थित प्राणगढ़ी में हेमंत कुमार से हुई थी। हेमंत ने सरकारी विभागों में अपनी अच्छी जान पहचान होने की बात कह- सरकारी नौकरी लगवाने की बात कही। विश्वास बढ़ाने के लिए उसने कई अधिकारियों के मोबाइल नंबर भी दिखाए और किसी अधिकारी से बात भी की। इसी वजह से गौरव गौतम ने खुद की नौकरी के लिए हेमंत से बात की। इस पर हेमंत ने कहा कि पुलिस भर्ती बोर्ड में उसका एक अधिकारी परिचित है जो आठ लाख रुपये मांग रहा है। इसमें दो लाख रुपये पहले देने होंगे। शेष छह लाख की रकम काम होने के बाद देनी है। विश्वास में आकर गौरव ने आरोपी को 1.85 लाख रुपये दे दिए। पीड़ित ने बताया कि काफी समय बीतने के बाद जब नौकरी नहीं लगी तो उसने आरोपी से बात की। आरोपी एक-दो दिन कहकर पहले तो टरकाता रहा। अब उनको जान से मारने की धमकी दे रहा है। आरोपी के डर की वजह से पीड़ित ने अपना मकान भी बदल लिया है। एसीपी नगर निमिष पाटिल ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।