एमएमजी अस्पताल के सीएमएस डॉ. राकेश कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार देर रात इस्लाम नगर निवासी 50 वर्षीय अफसाना को उसके परिजन बेसुध अवस्था में अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे थे। वहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने चिकित्सकों को बताया कि अफसाना का दिल्ली में दिल की बीमारी का इलाज चल रहा था। बुधवार को डॉक्टर को दिखाना था, लेकिन किसी कारण वश वह दिल्ली नहीं जा पाई और गुरुवार को उनकी मौत हो गई।
सीएमएस डॉ. सिंह ने बताया कि गुरुवार को 1317 नए मरीज अस्पताल में इलाज के लिए आए थे। इनमें 645 पुरुष और 457 महिलाओं के अलावा 257 बच्चे भी थे। इनमें बुखार के 263 मरीज थे, जबकि अधिकांश मरीज सिरदर्द, बेचैनी, उल्टी-दस्त, मांसपेशियों में ऐंठन, चक्कर आने, मतली, गर्मी की थकावट और लू के थे। अस्पताल में 26 मरीजों को भर्ती किया गया। इमरजेंसी में 97 मरीज पहुंचे थे। वहीं संयुक्त अस्पताल में 807 मरीजों का पंजीकरण हुआ था। इनमें 51 बच्चे डायरिया से ग्रसित थे। 450 से अधिक मरीजों को बुखार और गर्मी के कारण परेशानी हुई थी।
दूषित पानी से बचें
एमएमजी अस्पताल के फिजिशियन डॉ. आलोक रंजन का कहना है कि दूषित पानी और बाहर के खाने की वजह से लोगों में संक्रमण फैल रहा है। इसी तरह लू लगने से भी लोगों को परेशानी हो रही है। इसलिए उल्टी-दस्त और डायरिया के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। गर्मी में लोगों को बाहर के खाने से परहेज करना चाहिए।