ट्रैफिक प्लान ध्वस्त, जाम में फंसीं रहीं बहनें
साहिबाबाद। भाई दूज पर शनिवार को दिनभर बहनों को ट्रैफिक पुलिस की अव्यवस्था के कारण घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा। हिंडन नदी से लेकर मोहन नगर चौराहा और दिलशाद गार्डन बॉर्डर तक जाम ने लोगों की सबसे ज्यादा परेशानी को बढ़ाया। कौशांबी-आनंद विहार बॉर्डर पर भी स्थिति खराब रही। वाहन चालक को दिल्ली जाने के लिए एक से डेढ़ घंटे का समय लगा। डॉ. बर्मन मार्ग से लेकर बॉर्डर तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। वहीं,एनएच-9 सीआईएसएफ कट से नोएडा-दिल्ली जाने वाले रूट पर भी लोगों के पसीने छूट गए।
मोहन नगर पर स्कूटी चालक पूजा ने बताया कि उन्हें दिल्ली-शाहदरा की ओर अपने भाई के पास जाना था। मगर हिंडन नदी से मोहन नगर चौराहे तक पहुंचने में ही दो घंटे से ज्यादा का समय लग गया। एनएच-9, दिल्ली-वजीराबाद और लिंक रोड पर भी चालकों को परेशानी हुई। महाराजपुर साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र साइट-4 में वाहन चालकों की टूटी सड़क पर गति धीमी हो गई। डाबर तिराहे पर अजब प्रसाद ने बताया कि उन्हें दिल्ली आनंद विहार बस स्टैंड पर जाना है, मगर वाहनों के जाम के कारण बस काफी देर तक फंसे रहे। लिहाजा उन्हें पैदल ही दो किलोमीटर तक चलना पड़ा। इधर, साहिबाबाद जीटी रोड पर गाजियाबाद निवासी विनय सिंह की फैमिली को भी जाम का सामना करना पड़ा। सभी को भाई दूज मनाने के लिए शाहदरा में बहन के घर जाना था। वाहनों का दबाव अधिक होने की वजह से कुछ ही देरी में अर्थला से हिंडन पुल तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। हालांकि जाम से बचने के लिए वाहन चालकों ने हिंडन बैराज रोड से निकलने का प्रयास किया। मगर इस रूट पर भी लोगों को जाम झेलना पड़ा। सूचना पर ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने जाम खुलवाने में काफी मशक्कत की। दोपहर बाद तक भी जाम ना खुलने से लोगों को राहत नहीं मिली। ट्रैफिक इंस्पेक्टर योगेश पंत ने बताया कि यूपी गेट बंद होने की वजह से कौशांबी आनंद विहार, दिलशाद गार्डन बॉर्डर और तुलसी निकेतन बॉर्डर पर वाहनों पर दबाव अधिक बढ़ गया। जाम से निपटने को ट्रैफिक कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी।