लखीमपुर खीरी में किसानों की मौत से आक्रोशित भारतीय किसान यूनियन ने सोमवार को सभी जिला मुख्यालयों का घेराव कर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। रविवार शाम किसान नेता राकेश टिकैत ने फोन पर तराई किसान संगठन और अन्य पदाधिकारियों से जानकारी लेने के बाद वह रात को ही लखीमपुर के लिए रवाना हो गए थे। वहीं किसानों के आंदोलन के अब उग्र होने की आशंका पर प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भी हाई अलर्ट मोड पर आ गए। एडीएम सिटी, एसपी सिटी, अपर सिटी मजिस्ट्रेट और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ रात को यूपी गेट पहुंचे। उन्होंने भाकियू नेताओं से बात कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि लखीमपुर में किसान अपना कार्यक्रम कर वापस लौट रहे थे। इसी बीच उनके ऊपर गाड़ी चढ़ाकर हमला और फायरिंग की गई। उन्होंने कहा कि वह रात में ही लखीपुर खीरी पहुंच मृतक किसानों के परिजनों से मिलेंगे। मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र मलिक का कहना है कि यूपी गेट पर आंदोलनकारी किसानों से शांति बनाने की अपील की गई है।
जब तक संयुक्त किसान मोर्चा की तरफ से कोई संदेश नहीं आता है तब तक सभी किसान नियमित रूप से अपना काम करते रहेंगे। वहीं देर रात भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष राजवीर सिंह ने बताया कि सोमवार को प्रदेश भर में सभी जिलों के मुख्यालय पर संगठन के कार्यकर्ता धरना देंगे। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह राज्यमंत्री के बेटे ने किसानों की हत्या की है। भाकियू कार्यकर्ता धरना देकर गृह राज्यमंत्री के बेटे पर हत्या का मुकदमा दर्ज किए जाने, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा को मंत्री पद से हटाए जाने, मृतक किसानों के परिवारों को 5-5 करोड़ का मुआवजा दिए जाने और एक-एक परिजन को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग करेंगे।
देर रात तक यूपी गेट पर डटे रहे अधिकारी
शाम करीब साढ़े चार बजे लखीमपुर खीरी की सूचना मिलते ही प्रशासन से एडीएम सिटी, एसीएम, क्षेत्राधिकारी, एसपी सिटी सेकेंड और थाना प्रभारी यूपी गेट पहुंच गए। भाकियू नेता राकेश टिकैत से काफी देर मुलाकात करने के बाद अन्य पदाधिकारियों को समझाया। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी देर रात तक यूपी बॉर्डर पर डटे रहे। उन्हें आशंका थी कि कही किसान आक्रोशित न हो जाएं। एसपी सिटी सेकेंड ज्ञानेंद्र सिंह का कहना है कि आंदोलन स्थल पर एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात है। स्थिति को देखते हुए फोर्स को अलर्ट कर दिया गया है। वहीं एडीएम सिटी विपिन कुमार ने बताया कि किसानों से वार्ता की गई है। उनका धरना शांतिपूर्ण चल रहा है। सभी थानों की फोर्स को अलर्ट किया गया है।