डेबिट कार्ड की सुरक्षा के चलते गाजियाबाद में भी हजारों की संख्या में कार्ड ब्लाक किए गए हैं। एसबीआई की नवयुग मार्केट शाखा में कुछ ऐसे ग्राहक पहुंचे, जिनका एटीएम कार्ड ब्लॉक कर दिया गया है। बैंक अधिकारियों ने ग्राहकों को वस्तु स्थिति से अवगत कराया और उन्हें नए एटीएम कार्ड इश्यू किए गए। प्राइवेट बैंकों में भी ऐसे ही मामले आ रहे हैं।
बैंकों में एटीएम का संचालन करने वाली कंपनी हिताची पेमेंट सर्विसेज के सॉफ्टवेयर में वायरस के हमले के कारण देश भर के 32 लाख डेबिट कार्ड ब्लाक कर दिए गए हैं। डेबिट कार्ड की सुरक्षा के मद्देनजर सभी सरकारी और प्राइवेट सेक्टर बैंकाें ने ठोस कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।
सरकारी बैंक अब ग्राहकों को चिप लगा स्पेशल सिक्योरिटी फीचर वाला एटीएम कार्ड इश्यू करेंगे। एसबीआई की नवयुग मार्केट शाखा के चीफ मैनेजर पीके झा ने बताया कि कुछ ग्राहक जरूर आए थे, जिनके एटीएम कार्ड को हेड ऑफिस से ही ब्लॉक कर दिया गया था।
इन ग्राहकों को बिना चार्ज लिए एटीएम कार्ड दिए गए। उधर, आरकेजीआईटी कालेज के करीब 40 प्रतिशत टीचिंग और नॉन टीचिंग स्टॉफ के साथ स्टूडेंट्स के भी एटीएम कार्ड ब्लॉक हो गए हैं। हालांकि पीएनबी अफसरों का कहना है कि यह बैंक की तकनीकी समस्या है, जिसकी वजह से ग्राहकों को दिक्कत हुई है।
क्या कहते हैं ग्राहक
एटीएम कार्ड ब्लॉक होने से सैलरी भी नहीं निकाल पा रहा हूं। समय भी नहीं है कि बैंक जाकर अकाउंट से पैसे निकाल सकूं। दिवाली के त्योहार पर बैंक ने परेशानी बढ़ा दी है। - डा. रवि शंकर प्रसाद
दिनभर कालेज में रहना पड़ता है। शाम पांच बजे के बाद कालेज बंद होता है। तब बैंक भी बंद हो जाते हैं। ऐसे में पैसे कब निकालें। - जेबा इस्लाम, स्टूडेंट
दिवाली पर खर्चे ज्यादा होते हैं। ऐन वक्त पर एटीएम ब्लॉक होने से ज्यादा परेशानी हो रही है। खर्चे के लिए दोस्तों की मदद ली जा रही है। - गौरव कनौजिया