अपराध रोकने के लिए जनता और आरडब्ल्यूए से संवाद करेगी पुलिस : आईजी
इंदिरापुरम। मेरठ जोन आईजी प्रवीण कुमार ने कहा है कि अपराध रोकने के लिए जनता और आरडब्ल्यूए से पुलिस संवाद करेगी। शुक्रवार शाम निरीक्षण के दौरान उन्होंने इंदिरापुरम थाने के दस्तावेज देखे। आईजी ने कहा कि कार्यप्रणाली का विश्लेषण करने के उद्देश्य से निरीक्षण किया है, इसमें जितने सुधार की गुंजाइश होगी, उतनी की जाएगी। लापरवाही बरतने पर पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
आईजी प्रवीण कुमार ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि जीरो टॉलरेंस पर काम किया जाए। जनपद ने बहुत चुनौतियों का सामना किया है। हाल ही में कुछ अपराधिक घटनाएं हुई हैं, कुछ का अनावरण हुआ है जिनका खुलासा नहीं हुआ है। उन घटनाओं में गंभीरता से काम करने के निर्देश दिए गए हैं। इंदिरापुरम क्षेत्र में बढ़ी आपराधिक घटनाओं पर उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन रहा हो या अन्य मौके शहर में कानून व्यवस्था सुदृढ़ रही है और आगे भी रहेगी। उन्होंने कहा कि अपराध पर रोकथाम के लिए कार्ययोजना बनाकर काम किया जाएगा। जो पुलिसकर्मी कार्य में रुचि नहीं लेंगे, उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कारागार भेजे गए अपराधियों के खिलाफ कड़ी पैरवी की जाएगी ताकि उन्हें जल्द जमानत न मिले। आईजी ने कहा कि जनता के सहयोग से अपराध की रोकथाम को लेकर पुलिस तत्पर रही है। जनता से सहयोग और बढ़ाया जाएगा। पुलिस आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों से सलाह लेकर आवश्यक कार्रवाई करेगी। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह, सीओ इंदिरापुरम अभय कुमार मौजूद थे।