शराब के लिए ऑनलाइन दिया ऑर्डर, ठगों ने खाते से निकाले 1.20 लाख
वैशाली। ऑनलाइन शराब का ऑर्डर देने पर वैशाली सेक्टर चार में रहने वाले सतीश कुमार को झांसा देकर ठगों ने उनके खाते से 1.20 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने अज्ञात ठगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सतीश कुमार ने बताया कि उन्होंने शराब मंगाने के लिए ऑनलाइन ऑर्डर दिया था। ऑर्डर देने के दौरान एक कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने ऑर्डर लिया और पीड़ित के फोन पर एक ओटीपी भेजा। कॉलर ने उनसे ओटीपी नंबर पूछ लिया और उसके बाद सतीश के मोबाइल पर रकम कटने के मेसेज आने लगे। ठग ने उनके खाते से सात बार में 1.20 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने मामले की शिकायत बैंक अधिकारी से की। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी। साइबर सेल ने मामले की जांच के बाद रिपोर्ट कौशांबी थाने भेज दी। कौशांबी थाना प्रभारी सचिन मलिक ने बताया कि जिस खाते में रकम भेजी गई है, उसका डाटा निकाला जा रहा है।