---------
पुलिस चौकी से 500 मीटर पर फर्रूखनगर में खुले आम बेचे जा रहे पटाखे
- ग्रीन पटाखों की आड़ में धमाके वाले पटाखे बेच रहे कारोबारी
- ग्राहकों को मोबाइल पर फोटो दिखाकर करते हैं सौदा
- छोटे बच्चों को लालच देकर लगाया कारोबार में
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजियाबाद/ लोनी। जिले में लगातार बढ़ रहे वायु प्रदूषण से भले ही पटाखों की बिक्री पर प्रशासन ने रोक लगा रखी हो, लेकिन लोनी तहसील के फर्रूखनगर में पटाखों की बिक्री खुलेआम हो रही है। दिलचस्प यह है कि जहां बिक्री हो रही है वहां से पुलिस चौकी से महज 500 मीटर की दूरी पर है। यहां पर ग्रीन पटाखों की आड़ में धमाकेदार पटाखे बनाए जा रहे हैं। ग्राहकों को पहले मोबाइल पर दूर जाकर पटाखे के बारे में बताया और दिखाया जाता है और फिर गोदाम से लाकर बोरे और झोले में थमा दिया जाता है। इस कारोबार में बच्चों को भी शामिल कर लिया गया है। बच्चे सड़क पर ग्राहकों का इंतजार करते हैं और उन्हें बिक्री स्थल तक लाते हैं। यहां सुतली बम, आलू बम, मुर्गा छाप पटाखे व अन्य खुलेआम बेचे जा रहे हैं।
देश में सबसे प्रदूषित शहरों में जनपद आए दिन अव्वल नंबर पर रहता है। जनपद में लोनी सबसे ज्यादा प्रदूषित रहता है। इस हालात के बावजूद लोनी के फर्रूखनगर में पटाखों की बड़ी मंडी मशहूर है। दिल्ली एनसीआर के ज्यादातर कारोबारी फर्रूखनगर से ही पटाखा खरीदते हैं। दिल्ली में पटाखों पर रोक लगने पर ज्यादातर कारोबारी फर्रूखनगर से पटाखा खरीद रहे हैं। वहीं कुछ कारोबारी ग्रीन पटाखों की आड़ में तेज धमाकों वाले पटाखे भी बेच रहे हैं।
गांव के अंदर रखे हैं पटाखे
गांव के लोगों ने बताया कि कारोबारियों ने अभी भी गांव के अंदर पटाखे रख रखे हैं। यहां से ही वह ग्राहकों को सप्लाई करते हैं। वहीं कुछ कारोबारियों ने टीला मोड़ थाने के आसपास गोदामों में पटाखे रख रखे हैं।
------
मामला संज्ञान में नहीं है। यदि पटाखे की बिक्री हो रही है तो कार्रवाई की जाएगी। जिले में किसी भी तरह के पटाखे नहीं बेचे जा सकते हैं। शासन के निर्देश पर पटाखे की बिक्री, भंडारण और फोड़ने पर रोक है।
संतोष राय, एसडीएम लोनी