पीआईएल कमजोर करने को हाईकोर्ट में लगाया फर्जी लेटरहेड
गाजियाबाद। हाईकोर्ट में पीआईएल दाखिल करने वाले कंपनी संचालक ने उनकी कंपनी का फर्जी लेटरहेड इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए दंपती के खिलाफ केस दर्ज कराया है। उनका आरोप है कि आरोपी दंपती भी नंदग्राम में एक कंपनी चलाते हैं। उन्होंने उनकी कंपनी के नाम का लेटरहेड बनाकर फर्जी मुहर व हस्ताक्षर का इस्तेमाल किया और पीआईएल कमजोर करने के लिए उसे हाईकोर्ट में लगाया।
राजनगर एक्सटेंशन की रिवर हाईट्स सोसायटी में रहने वाले सुबोध त्यागी का कहना है कि वह एएस इलेक्ट्रिकल कांट्रेक्टर प्रा.लि. नाम से कंपनी चलाते हैं। नंदग्राम स्थित जीएमडी इंफ्राटेक प्रा.लि. के निदेशक महेश शर्मा व उनकी पत्नी गीता शर्मा ने उनकी फर्म के नाम से फर्जी लेटरहेड तैयार किया और फिर फर्जी मुहर व हस्ताक्षर कर उसेे हाईकोर्ट में लगाया। पता लगने पर उन्होंने हाईकोर्ट से इसकी सत्यापित प्रति निकलवाई, जिसमें फर्जीवाड़ा सामने आ गया। सुबोध त्यागी का कहना है कि आरोपी दंपती ने नंदग्राम में ही किसी स्थान पर यह फर्जी लेटरहेड तैयार कराया। इसके बाद उन्होंने एसएसपी को शिकायत देकर कार्रवाई की गुहार लगाई थी। एसएसपी ने नंदग्राम पुलिस को केस दर्ज करने का आदेश दिया था।
सुबोध त्यागी का कहना है कि आरोपियों ने सीलिंग क्षेत्र में अवैध तरीके से निर्माण किया था। जिसको लेकर उन्होंने पिछले साल आरोपियों कोे खिलाफ हाईकोर्ट में पीआईएल दाखिल की थी। इस पीआईएल को कमजोर करने के लिए आरोपी दंपती ने उनकी कंपनी के फर्जी लेटरहेड का इस्तेमाल किया। सीओ द्वितीय अवनीश कुमार का कहना है कि आरोपी दंपती के खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आरोप सही साबित होने पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।