आज रात 12 बजे से शुरू हो जाएगा नंदग्राम थाना
गाजियाबाद। जिले का प्रस्तावित नंदग्राम थाना रविवार रात 12 बजे से शुरू हो जाएगा। शनिवार को एसएसपी कलानिधि नैथानी ने नंदग्राम थाने का दौरा कर अंतिम तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को दिशानिर्देश देते हुए समय से तैयारियां पूर्ण करने की बात कही। उन्होंने कहा कि थाने की जरूरत के हिसाब से संसाधन मुहैया कराए जा रहे हैं। फोर्स भी जल्द आवंटित कर दी गई।
एसएसपी ने बताया कि गाजियाबाद की जनता की सहूलियत और सुविधा के लिए तथा अपराध की रोकथाम और कानून व्यवस्था मजबूत करने के मद्देनजर नया थाना नंदग्राम जनता को समर्पित किया जा रहा है। 31 जनवरी यानि रविवार रात 12 बजे से नंदग्राम थाना प्रभावी रूप से क्रियान्वित हो जाएगा। एसएसपी ने बताया कि थाने के सुचारु एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए क्षेत्राधिकारी द्वितीय को नोडल नियुक्त किया गया था। जिसके क्रम में थाना परिसर में हवालात, शौचालय, महिला-पुरुष स्नानागार, शस्त्रागार, भोजनालय, कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क, आगंतुक कक्ष, विवेचक कक्ष का निर्माण पूर्ण कराया गया है। अंतिम तैयारियों का जायजा लेने के लिए थाने का निरीक्षण किया गया है। एसएसपी ने मौके पर ही नवनियुक्त एसएचओ व एसएसआई को ब्रीफ करते हुए लोगों की शिकायत पर बेहतर सुनवाई करने तथा अपराध की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया।
थाने को 15 वाहन मिले, सीयूजी नंबर अलॉट
एसएसपी ने बताया कि थाने के कामकाज के लिए जरूरी चीजें उपलब्ध करा दी गई हैं। इनमें तीन कंप्यूटर सेट, फर्नीचर स्टेशनरी, वायरलेस सेट, तीन चार पहिया वाहन, छह दो पहिया वाहन दिए गए हैं। इसके अलावा यूपी-112 के दो चार पहिया वाहन तथा चार दो पहिया वाहन अतिरिक्त दिए गए हैं। एसएसपी ने बताया कि नंदग्राम थाने के एसएचओ का सीयूजी नंबर जारी कर दिया गया है। लोग 9643322939 मोबाइल नंबर पर एसएचओ से बात कर सकेंगे।